लखनऊ। जाति जनगणना को लेकर समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने भाजपा सरकार पर तीखा हमला बोला है और कहा है कि जनगणना की अधिसूचना में जाति का कॉलम तक नहीं है, तो फिर सरकार गिनने क्या जा रही है।
अखिलेश यादव ने कहा कि जाति का कॉलम न होना इस बात का साफ संकेत है कि जातिगत जनगणना न करने की साजिश रची जा रही है और जातिगत जनगणना भाजपा का एक और जुमला बनकर रह गई है।
उन्होंने कहा कि भाजपा का सीधा फॉर्मूला है, न गिनती होगी और न ही आनुपातिक आरक्षण व अधिकार देने का कोई जनसांख्यिकीय आधार बनेगा, जो सीधे तौर पर पीडीए समाज के खिलाफ साजिश है।
अखिलेश यादव ने अपने एक्स हैंडल पर लिखा कि आज भाजपा पर भरोसा करने वाले लोग खुद को ठगा हुआ ही नहीं बल्कि अपमानित भी महसूस कर रहे हैं।
उन्होंने दावा किया कि भाजपा के जो कार्यकर्ता और नेता अब तक जातिगत जनगणना कराने की बात कर रहे थे, वे अब अपने समाज में मुंह दिखाने लायक नहीं बचे हैं और मजबूरी में भाजपा से दूरी बना रहे हैं।
अखिलेश ने कहा कि पीडीए को अपने मान-सम्मान, आरक्षण और अधिकारों की लड़ाई खुद लड़नी होगी क्योंकि भाजपा पर भरोसा करना अब धोखा साबित हो चुका है।
उन्होंने आरोप लगाया कि विरोध होने पर भाजपा इसे टाइपिंग मिस्टेक बताने की कोशिश करेगी, लेकिन अब भाजपा पूरी तरह एक्सपोज हो चुकी है।
अखिलेश यादव ने तीखे शब्दों में कहा कि यह कोई भाजपाई चालाकी नहीं बल्कि खुली बेशर्मी है और अब शब्दकोश में वचन-विमुखी भाजपा का मतलब धोखा लिखा जाना चाहिए।

