बीजेपी दल नहीं छल — बिहार चुनाव रुझानों पर अखिलेश यादव का बड़ा बयान, आप सांसद संजय सिंह ने ज्ञानेश कुमार को दी बधाई

बिहार विधानसभा चुनाव 2025 की मतगणना जारी है और तीन घंटे के रुझानों में एनडीए बेहद मजबूत बढ़त बनाए हुए है। एनडीए 185 सीटों पर आगे चल रही है, जबकि महागठबंधन सिर्फ 50 सीटों पर सिमटता दिखाई दे रहा है। रुझानों के मुताबिक एनडीए की आंधी में महागठबंधन पूरी तरह उड़ गया है, और अगर यही ट्रेंड नतीजों में बदलता है तो आरजेडी और महागठबंधन के लिए यह बड़ा झटका साबित होगा।

इसी बीच सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने बिहार चुनाव को लेकर बड़ा बयान दिया है। उन्होंने एक्स पर लिखा कि बिहार में जो खेल SIR ने किया है, वो अब पश्चिम बंगाल, तमिलनाडु, यूपी और बाकी राज्यों में नहीं हो पाएगा, क्योंकि इस चुनावी साज़िश का भंडाफोड़ हो चुका है। उन्होंने कहा कि आगे से उनका ‘PPTV’, यानी पीडीए प्रहरी, CCTV की तरह चौकन्ना रहेगा और भाजपा के मंसूबों को नाकाम करेगा। अखिलेश यादव ने आरोप लगाते हुए कहा— भाजपा दल नहीं छल है।

वहीं, आम आदमी पार्टी के सांसद संजय सिंह ने एक बार फिर आरोप दोहराते हुए कहा कि मतगणना शुरू होने से पहले ही नतीजे तय कर दिए गए थे। उन्होंने दावा किया कि चुनाव पूरी तरह हाईजैक हो चुका था और इस चुनाव का कोई मतलब नहीं है। संजय सिंह ने कहा कि ज्ञानेश कुमार ने पहले ही बिहार की जीत का प्रमाणपत्र मोदी जी को दे दिया था। उनका कहना है कि ऐसे राज्य में चुनावी नतीजे क्या होंगे जहां 80 लाख वोट डिलीट किए गए हों, 5 लाख वोट डुप्लिकेट हों और 1 लाख मतदाता अज्ञात हों। इसी के साथ उन्होंने तंज कसते हुए कहा— हमें NDA, मोदी जी और ज्ञानेश कुमार को बधाई देनी चाहिए कि उन्होंने उनके “आशीर्वाद” से बिहार चुनाव जीत लिया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *