लखनऊ. जल शक्ति मंत्री स्वतंत्र देव सिंह के काफिले को रोकने के मामले में चरखारी से बीजेपी विधायक बृजभूषण राजपूत को पार्टी की ओर से नोटिस जारी किया गया है और सात दिन के भीतर जवाब देने को कहा गया है, हालांकि विधायक का कहना है कि उन्हें अब तक नोटिस प्राप्त नहीं हुआ है। बृजभूषण राजपूत ने कहा कि संभव है नोटिस जारी हुआ हो लेकिन फिलहाल उनके पास नहीं पहुंचा है और उन्हें प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी से बातचीत का समय मिला है, वे शनिवार को उनसे मुलाकात करेंगे।
बताया जा रहा है कि बीते 30 जनवरी को महोबा जिले के रामश्री महाविद्यालय के पास बीजेपी विधायक ने अपने समर्थकों के साथ मंत्री स्वतंत्र देव सिंह के काफिले को रोक दिया था। इस दौरान कार्यकर्ताओं और पुलिस के बीच हल्की नोकझोंक भी हुई थी, जिससे मौके पर कुछ देर के लिए तनाव का माहौल बन गया था।
विधायक ने यह कदम अपने क्षेत्र की खराब सड़कों को लेकर उठाया था और जल जीवन मिशन के तहत गांवों में पाइपलाइन बिछाने के बाद सड़कों की मरम्मत ठीक से न होने पर नाराजगी जताई थी। उनका कहना था कि टूटी हुई सड़कों की वजह से ग्रामीणों को रोजमर्रा की आवाजाही में दिक्कतें हो रही हैं और इसी समस्या पर मंत्री का ध्यान खींचने के लिए उन्होंने काफिला रुकवाया था।

