सड़क चौड़ीकरण के विरोध में बीजेपी कार्यालय का घेराव

उज्जैन। मध्यप्रदेश के उज्जैन जिले के पीपलीनाका क्षेत्र में सड़क चौड़ीकरण को लेकर बड़ा विरोध देखने को मिला। सैकड़ों की संख्या में क्षेत्रवासियों ने बीजेपी कार्यालय का घेराव कर दिया और कार्यालय के अंदर ही धरने पर बैठ गए। प्रशासन और जनप्रतिनिधियों की ओर से लगातार समझाइश दी जा रही है, लेकिन खबर लिखे जाने तक प्रदर्शनकारी अपने विरोध पर डटे हुए थे।

दरअसल यह विरोध पीपलीनाका और एमआर-4 रोड के चौड़ीकरण को लेकर किया जा रहा है। क्षेत्र के लोगों का कहना है कि इस परियोजना से उनके घर और कारोबार प्रभावित होंगे। इसी को लेकर सैकड़ों रहवासी एकजुट होकर बीजेपी कार्यालय पहुंचे और विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया।

धरने में पुरुषों के साथ बड़ी संख्या में महिलाएं भी शामिल रहीं। प्रदर्शन कर रहे लोगों का कहना है कि वे विकास का नहीं बल्कि विनाश का विरोध कर रहे हैं। उनका आरोप है कि सड़क चौड़ीकरण के नाम पर उनके आशियाने उजाड़े जा रहे हैं।

मौके पर भाजपा नगर अध्यक्ष संजय अग्रवाल और क्षेत्रीय विधायक अनिल जैन कालूखेड़ा भी पहुंचे और लोगों को समझाने की कोशिश की। हालांकि उनके आश्वासन के बाद भी प्रदर्शनकारी शांत नहीं हुए और धरने पर बैठे रहे।

दरअसल नगर निगम की ओर से रहवासियों को पहले ही अंतिम नोटिस दिया जा चुका है। नोटिस में सात दिनों के भीतर सड़क चौड़ीकरण की कार्रवाई शुरू करने की बात कही गई है। इसी के विरोध में क्षेत्रवासी अब आंदोलन पर उतर आए हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *