भोपाल। नई दिल्ली के भारत मंडपम में आयोजित ‘इंडिया एआई इम्पैक्ट समिट 2026’ के दौरान हुए विवाद के बाद अब राजनीतिक माहौल गरमा गया है। समिट के बीच युवा कांग्रेस कार्यकर्ताओं द्वारा किए गए कथित अर्धनग्न प्रदर्शन और हंगामे को लेकर भाजपा ने कड़ा ऐतराज जताया है। प्रदर्शन के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के खिलाफ नारेबाजी की गई, जिसे भाजपा ने देश की गरिमा के खिलाफ बताया है।
इस घटना के विरोध में मध्य प्रदेश भाजपा युवा मोर्चा ने सड़कों पर उतरने का ऐलान किया है। भोपाल संभाग में आज दोपहर 2 बजे प्रदेश कांग्रेस कार्यालय, शिवाजी चौराहा के पास बड़ा प्रदर्शन किया जाएगा। भोपाल के साथ-साथ सीहोर, विदिशा, राजगढ़, रायसेन और नर्मदापुरम जिलों से भी युवा मोर्चा के कार्यकर्ता इस विरोध में शामिल होंगे।
भाजपा का कहना है कि यह प्रदर्शन कांग्रेस की अराजक मानसिकता और देश की प्रगति से उसकी बेचैनी को दर्शाता है। इस पूरे घटनाक्रम पर मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने भी तीखी प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने कहा कि इस तरह की हरकतें राष्ट्र विरोधी सोच को उजागर करती हैं और देश की छवि को नुकसान पहुंचाती हैं। अब भोपाल में होने वाले प्रदर्शन पर सबकी नजरें टिकी हैं, जहां राजनीतिक टकराव और तेज होने के संकेत मिल रहे हैं।

