भाजपा के नए बॉस का MP कनेक्शन, नितिन नबीन ने तीन साल तक संभाली BJYM की जिम्मेदारी

 भोपाल। बिहार के मंत्री नितिन नबीन भाजपा के नए बॉस बन गए हैं। सोमवार को उन्होंने कार्यकारी अध्यक्ष के रूप में बीजेपी कार्यालय पहुंचकर औपचारिक रूप से अपना कार्यभार संभाला। पार्टी की कमान संभालने वाले नितिन नबीन का मध्य प्रदेश से गहरा और पुराना नाता रहा है, जहां उन्होंने संगठन के लिए लंबे समय तक काम किया।

तीन साल तक मध्य प्रदेश BJYM के प्रभारी रहे नितिन नबीन
नितिन नबीन वर्ष 2010 से 2013 तक मध्य प्रदेश भाजपा युवा मोर्चा के प्रभारी रहे। इस दौरान उन्होंने युवाओं के बीच संगठन को मजबूत करने के लिए व्यापक स्तर पर काम किया और 2011 व 2012 में चुनावी दृष्टि से युवाओं की मजबूत जमावट कराई। उन्होंने अपना अधिकतर समय आदिवासी अंचलों में बिताया और लगातार क्षेत्रों का दौरा किया। उस समय युवा मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष जीतू जिराती थे, जबकि महामंत्री के रूप में रजनीश अग्रवाल जिम्मेदारी संभाल रहे थे। 15 दिसंबर 2011 को रजनीश अग्रवाल की बारात में भी नितिन नबीन शामिल हुए थे, जो उनके एमपी से व्यक्तिगत जुड़ाव को दर्शाता है।

सीएम डॉ. मोहन और शिवराज सिंह ने दी बधाई
नितिन नबीन के भाजपा के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष नियुक्त होने पर मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव और केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने उन्हें बधाई दी। सीएम डॉ. मोहन यादव ने कहा कि नितिन नबीन की अटूट निष्ठा, समर्पण, कार्यकुशलता और अनुभव से पार्टी को नई ऊर्जा मिलेगी। वहीं शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि एक कर्मठ, विचारवान और परिश्रमी कार्यकर्ता के रूप में नितिन नबीन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में पार्टी की विचारधारा को और अधिक मजबूती प्रदान करेंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *