पीथमपुर। मध्यप्रदेश के इंदौर जिले के महू में ब्लैकमेलिंग और धमकाने के मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए दो महिलाओं और एक पुरुष को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।
यह मामला बड़गोंदा थाना क्षेत्र के रेनबो फार्महाउस का बताया जा रहा है, जहां देर रात एक युवक को ब्लैकमेल कर धमकाने की शिकायत सामने आई थी, सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपियों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू की।
पूछताछ के दौरान महिला आरोपियों ने युवक को ब्लैकमेल करने और धमकाने की बात स्वीकार कर ली, जिसके बाद पुलिस ने सभी के खिलाफ बीएनएस की संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर उन्हें न्यायालय में पेश किया, जहां से तीनों को जेल भेज दिया गया।
इस मामले में एक और पीड़ित सामने आया है, जिसने भी थाने पहुंचकर आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है, जिससे इस पूरे गिरोह के और भी मामलों के खुलासे की संभावना जताई जा रही है।
पुलिस ने लोगों से अपील की है कि ऐसे मामलों से सतर्क रहें, क्योंकि इस तरह के गिरोह भोले-भाले लोगों को अपने जाल में फंसाकर ब्लैकमेलिंग जैसी वारदातों को अंजाम दे रहे हैं।

