हिल स्टेशन पचमढ़ी की होटल में ब्लास्ट, एक ही फैमिली के चार पर्यटक घायल, कुक भी आग में झुलसा

नर्मदापुरम। मध्य प्रदेश के हिल स्टेशन पचमढ़ी में उस वक्त अफरा-तफरी मच गई जब एक होटल में अचानक जोरदार धमाका हो गया। तेज आवाज के साथ हुए इस ब्लास्ट से पूरे इलाके में हड़कंप मच गया और होटल में ठहरे पर्यटकों में दहशत फैल गई। इस हादसे में एक ही परिवार के चार पर्यटक और होटल का एक कुक गंभीर रूप से घायल हो गए, जिन्हें तुरंत इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

घटना पचमढ़ी थाना क्षेत्र के सिनेरिटी होटल में सुबह करीब साढ़े आठ बजे हुई, जब होटल के भीतर एलपीजी सिलेंडर में जोरदार विस्फोट हो गया। धमाके की चपेट में आकर महाराष्ट्र के बुलढाना से आए एक ही परिवार के चार सदस्य झुलस गए, वहीं होटल में काम करने वाला कुक भी आग में बुरी तरह झुलस गया। धमाका इतना तेज था कि होटल से करीब बीस मीटर दूर स्थित पांडव रिट्रीट तक उसका असर महसूस किया गया और आसपास की इमारतें भी हिल गईं।

सूचना मिलते ही पुलिस और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल की जांच शुरू कर दी गई। घायलों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां सभी का इलाज जारी है। शुरुआती जांच में होटल से एक कमर्शियल गैस सिलेंडर बरामद किया गया है और माना जा रहा है कि इसी सिलेंडर में ब्लास्ट हुआ। बताया जा रहा है कि सिनेरिटी होटल किराये पर संचालित हो रहा था, जिसके मालिक सतपुड़ा टाइगर रिजर्व के सहायक संचालक संजीव शर्मा हैं, जबकि होटल का संचालन कांग्रेस नेता के भाई तुषार जायसवाल द्वारा किया जा रहा था। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की गंभीरता से जांच कर रही है ताकि हादसे की असली वजह सामने आ सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *