हवस में अंधे हुए नाबालिग, अधेड़ महिला से दुष्कर्म के बाद इलाज के दौरान मौत

खरगोन। मध्य प्रदेश के खरगोन जिले से दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां दो नाबालिगों ने एक अधेड़ महिला के साथ दुष्कर्म किया और गंभीर हालत में छोड़कर फरार हो गए। पीड़िता को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया, लेकिन इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। पुलिस ने मामले में एक नाबालिग को हिरासत में लिया है और जांच जारी है।

यह घटना जिला मुख्यालय से करीब 20 किलोमीटर दूर बरुड़ थाना क्षेत्र की बताई जा रही है। बताया जा रहा है कि महिला रात में घर में सो रही थी, तभी दो नाबालिग घर में घुस आए और उसे जबरन उठाकर खेत में ले गए। वहां बारी-बारी से उसके साथ दुष्कर्म किया गया और वारदात के बाद गंभीर हालत में उसे खेत में छोड़कर दोनों आरोपी फरार हो गए।

कुछ देर बाद जब परिजन घर लौटे तो महिला घर में नहीं मिली। तलाश करने पर वह खेत में अचेत अवस्था में पड़ी मिली, जिसके बाद परिजन उसे आनन-फानन में जिला अस्पताल लेकर पहुंचे। डॉक्टरों ने उसका इलाज शुरू किया, लेकिन हालत नाजुक होने के चलते इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।

घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की गई। पुलिस ने एक नाबालिग को हिरासत में लिया है, जबकि पोस्टमार्टम डॉक्टरों की टीम द्वारा किया गया है। हिरासत में लिए गए नाबालिग के परिजनों का दावा है कि पूछताछ के दौरान उसने एक अन्य नाबालिग का नाम भी बताया है, लेकिन फिलहाल दूसरा आरोपी पकड़ में नहीं आ सका है। मामले को लेकर क्षेत्र में भारी आक्रोश है और लोग आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई के साथ निष्पक्ष जांच की मांग कर रहे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *