रंगों के त्योहार होली के दिन एक ऐसी खौफनाक वारदात सामने आई जिसने पूरे इलाके को दहला दिया। पति ने अपनी ही पत्नी का गला काटकर उसे मौत के घाट उतार दिया और उसके प्रेमी पर तेजाब से हमला कर दिया। इस सनसनीखेज घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई और पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची।
मामला चौक कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला अजीजगंज स्थित बालाजी नगर कॉलोनी का बताया जा रहा है। जानकारी के मुताबिक महिला अपने पति को छोड़कर प्रेमी के साथ रह रही थी, जिससे पति बेहद नाराज था। बताया जा रहा है कि होली की सुबह वह मुखौटा लगाकर पत्नी के घर पहुंचा और दरवाजा खुलवाया। जैसे ही दरवाजा खुला, उसने महिला के प्रेमी पर तेजाब फेंक दिया।
इसके बाद आरोपी ने पत्नी पर हमला कर उसका गला काट दिया। इस दौरान पति और प्रेमी के बीच हाथापाई भी हुई, जिसमें दोनों घायल हो गए। वारदात की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों घायलों को अस्पताल भिजवाया, जहां उनका इलाज जारी है।
महिला की पहचान आरती के रूप में हुई है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और पूरे मामले की जांच शुरू कर दी है। त्योहार के दिन हुई इस दर्दनाक घटना ने इलाके में सनसनी फैला दी है।

