बीएलओ का कमाल—अच्छे काम का इनाम, प्रशासन ने कराया हवाई सफर, पीएम श्री हेली सेवा से कान्हा और बांधवगढ़ की शानदार यात्रा

जबलपुर। मध्यप्रदेश के जबलपुर से एक प्रेरणादायक खबर सामने आई है, जहां मतदाता सूची विशेष गहन पुनरीक्षण यानी SIR प्रक्रिया में बेहतरीन काम करने वाले बीएलओ को प्रशासन ने अनोखे तरीके से सम्मानित किया है। जी हां, मेहनत का इनाम ऐसा कि खुद प्रशासन ने बीएलओ सुपरवाइज़र स्नेहलता पटेल को हवाई सफर का तोहफा दिया। पीएम श्री हेली पर्यटन सेवा के जरिए उन्हें जबलपुर से कान्हा और बांधवगढ़ की एयर ट्रिप कराई गई, जिसका वीडियो अब सोशल मीडिया पर खूब वायरल हो रहा है।

इतना ही नहीं, प्रशासन ने बीएलओ के तनाव को कम करने के लिए मूवी टिकट और नगद पुरस्कार भी दिया है, ताकि वे अपने काम को गर्व और उत्साह के साथ जारी रख सकें। SIR प्रक्रिया में जुटे बीएलओ को इस समय लगातार सम्मानित किया जा रहा है। वजह भी खास है—जिले के सभी बूथों के 100 फीसदी गणना पत्रकों का डिजिटाइजेशन पूरा कर लिया गया है।

जबलपुर जिले में कुल 19 लाख 25 हजार 472 मतदाता हैं। इनमें से 14 लाख 12 हजार 151 मतदाताओं के गणना पत्रकों का डिजिटाइजेशन पूरा होने का दावा किया गया है, जो अपने आप में बड़ी उपलब्धि है। यानी सिस्टम को मजबूत बनाने में बीएलओ ने मैदान में खड़े होकर ऐसा काम किया कि प्रशासन को भी खुलकर शाबाशी देनी पड़ी।

मेहनत, समर्पण और ईमानदारी—जब मिलकर काम करती है, तो इनाम खुद चलकर दरवाज़े तक आता है… और स्नेहलता पटेल की यह हवाई यात्रा उसी का जीता-जागता उदाहरण है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *