सूटकेस में शवः कूड़े के ढेर में बैग में मिली महिला की लाश, जानिए खूनी खेल की खौफनाक दास्तां

जिले की एक युवती की लाश रामपुर चौराहा के पास कूड़े के ढेर में लाल रंग के ट्रॉली बैग से मिली है। महिला की बेरहमी से हत्या कर शव को प्लास्टिक के बोरे में पैक किया गया था और टेप से लपेटा गया था।

पुलिस का मानना है कि हत्या कहीं और हुई और सबूत मिटाने के लिए शव को यहां फेंका गया है। इस घटना से इलाके में सनसनी फैल गई है।

सफाईकर्मी जब कचरा उठाने पहुंचे तो बंद ट्रॉली बैग से दुर्गंध आई। स्थानीय लोगों ने सूचना दी और पुलिस मौके पर पहुंची। एफएसएल टीम ने बैग खोला तो अंदर महिला की लाश देख सब दंग रह गए। शव को इस कदर मोड़कर रखा गया था कि गर्दन और घुटने एक साथ बंधे हुए थे।

करीब पांच घंटे बाद मृतका की पहचान मेहरून खातून (25) के रूप में हुई। वह उत्तर प्रदेश के चंदौली जिले के सकलडीहा क्षेत्र के बरठी गांव की रहने वाली थी।

मेहरून की शादी 2022 में रोहतास के डेहरी निवासी क्यामुद्दीन से हुई थी, जो बिजली मिस्त्री हैं। दंपति का ढाई साल का एक बेटा भी है।

मृतका की मां ने दामाद क्यामुद्दीन पर गंभीर आरोप लगाए हैं। बताया गया कि क्यामुद्दीन का अपनी मामी की बहन के साथ अवैध संबंध था, जिसका मेहरून विरोध करती थी। इसी वजह से घर में अक्सर विवाद होता था।

शुक्रवार रात क्यामुद्दीन ने फोन कर बताया था कि मेहरून घर छोड़कर चली गई है, लेकिन अब उसका शव सूटकेस में मिला है।

घटना के बाद से आरोपी पति अपने बेटे के साथ फरार बताया जा रहा है।

डेहरी एसडीपीओ गौरव कुमार यादव ने बताया कि घटनास्थल से फिंगरप्रिंट और अन्य वैज्ञानिक साक्ष्य जुटाए गए हैं। आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं।

शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया है और फरार आरोपी की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी जारी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *