वेब सीरीज ‘घूसखोर पंडित’ पर बवाल, सड़कों पर उतरा ब्राह्मण समाज, रिलीज हुई तो उग्र प्रदर्शन की चेतावनी

भोपाल। वेब सीरीज ‘घूसखोर पंडित’ को लेकर विवाद गहराता जा रहा है और ब्राह्मण समाज ने इसके खिलाफ खुला विरोध शुरू कर दिया है। राजधानी भोपाल में ब्राह्मण समाज के लोग सड़कों पर उतर आए, जहां प्रदर्शन में छोटे-छोटे बटुक भी शामिल दिखाई दिए। प्रदर्शनकारियों का कहना है कि इस वेब सीरीज के नाम और कथानक से एक पूरे समाज की छवि धूमिल की जा रही है, जिसे किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

प्रदर्शन के दौरान ब्राह्मण समाज ने मांग की कि नेटफ्लिक्स की इंडिया डायरेक्टर रुचिका कपूर शेख और वेब सीरीज के निर्माता नीरज पांडेय तथा अभिनेता मनोज बाजपेई के खिलाफ एफआईआर दर्ज की जाए। समाज के प्रतिनिधियों का आरोप है कि इस तरह की कंटेंट से सामाजिक सौहार्द बिगड़ता है और एक समुदाय को जानबूझकर बदनाम किया जा रहा है।

बताया जा रहा है कि यह वेब सीरीज 12 फरवरी को ओटीटी प्लेटफॉर्म नेटफ्लिक्स पर रिलीज होने वाली है, लेकिन उससे पहले ही विरोध का स्वर तेज हो गया है। ब्राह्मण समाज ने साफ चेतावनी दी है कि अगर वेब सीरीज इसी नाम और रूप में रिलीज की गई तो पूरे देश में उग्र प्रदर्शन किया जाएगा और इसका व्यापक विरोध किया जाएगा। विवाद के बीच अब सबकी निगाहें इस बात पर टिकी हैं कि निर्माता और प्लेटफॉर्म इस विरोध पर क्या कदम उठाते हैं और क्या रिलीज से पहले किसी तरह का समाधान निकलता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *