लखनऊ। उत्तर प्रदेश में शंकराचार्य अविमुक्तेश्वरानंद और शासन के बीच चल रहे विवाद के बीच डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक ने अपने सरकारी आवास पर 101 बटुक ब्राह्मणों का सम्मान किया और उनका आशीर्वाद प्राप्त किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि हमारी संस्कृति की यह अमूल्य धरोहर सदैव सुरक्षित और समृद्ध रहे, यही उनकी कामना है।
ब्रजेश पाठक ने अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा कि बटुकों का सम्मान हमारा सौभाग्य है। उन्होंने कहा कि देव स्वरूप छोटे बटुक ब्राह्मण उनके आवास पर अतिथि के रूप में पधारे, जिससे उनका घर और आंगन धन्य हो गया। उन्होंने सपत्नीक सभी बटुकों का आत्मीय स्वागत और अभिनंदन किया तथा आशीर्वाद प्राप्त किया। उन्होंने इसे जीवन के स्मरणीय और पावन क्षणों में से एक बताया।
इसी दौरान शंकराचार्य अविमुक्तेश्वरानंद और शासन के बीच हुए विवाद पर भी डिप्टी सीएम ने प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि यदि पुलिस को बल प्रयोग करना पड़े तो उसके लिए अन्य संसाधन उपलब्ध हैं, लाठी का उपयोग किया जा सकता है, लेकिन किसी की चोटी खींचना बिल्कुल नहीं होना चाहिए। उन्होंने इसे महापाप करार देते हुए कहा कि हमारी धार्मिक परंपराओं में ऐसे कृत्य को गंभीर दोष माना गया है और दोषियों को इसका परिणाम भुगतना पड़ेगा।
इस पूरे घटनाक्रम के बीच डिप्टी सीएम का यह कार्यक्रम और बयान प्रदेश की राजनीति में चर्चा का विषय बना हुआ है।

