शमशाबाद (विदिशा)। मध्य प्रदेश के विदिशा जिले में एक बड़ा ऐलान हुआ है, जहां शमशाबाद का नाम अब बदलकर सूर्यनगर कर दिया गया है। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने खुद मंच से इसकी घोषणा करते हुए कहा कि अब शमशाबाद को सूर्यनगर के नाम से जाना जाएगा। इस ऐलान के बाद पूरे इलाके में चर्चा तेज हो गई है और कार्यक्रम स्थल तालियों की गड़गड़ाहट से गूंज उठा।
दरअसल शनिवार को मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव विदिशा जिले के शमशाबाद में आयोजित कृषक हितग्राही सम्मेलन में शामिल होने पहुंचे थे। इस दौरान उन्होंने कई विकास कार्यों का भूमिपूजन और लोकार्पण भी किया। कार्यक्रम के बीच में स्थानीय विधायक सूर्यप्रकाश मीणा ने मुख्यमंत्री से शमशाबाद का नाम बदलकर सूर्यनगर करने की मांग रखी।
मुख्यमंत्री ने मंच से ही इस मांग को स्वीकार करते हुए बड़ा ऐलान कर दिया और कहा कि आपकी डिमांड पर अब शमशाबाद का नाम सूर्यनगर किया जाएगा। जैसे ही यह घोषणा हुई, वहां मौजूद लोगों ने जोरदार तालियों के साथ इसका स्वागत किया। अब इस ऐतिहासिक फैसले के बाद शमशाबाद की पहचान नए नाम सूर्यनगर के रूप में होगी और पूरे इलाके में इसे लेकर चर्चा का माहौल बना हुआ है।

