गुंडों के साथ ससुराल पहुंची दुल्हन, दहेज की बाइक घसीटकर ले जाने का वीडियो वायरल

छतरपुर। मध्य प्रदेश के छतरपुर जिले में पारिवारिक विवाद उस वक्त सनसनी बन गया जब एक नवविवाहिता अपने पिता और कथित गुंडों के साथ ससुराल पहुंची और दहेज में दी गई बाइक को बांधकर घसीटते हुए अपने साथ ले गई। इस दौरान सास और ससुर के साथ मारपीट के आरोप भी सामने आए हैं। पूरी घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। मामला सिविल लाइन थाना क्षेत्र का बताया जा रहा है।

जानकारी के मुताबिक नए चंद्रपुरा निवासी लक्ष्मण कुशवाहा के बेटे की शादी 4 मार्च 2024 को रोशनी कुशवाहा से हिंदू रीति-रिवाजों के साथ हुई थी। शादी रोशनी के मायके जनकपुर में हुई थी, जहां दहेज में बाइक भी दी गई थी। लेकिन शादी के करीब दस महीने बाद ही रिश्तों में खटास आ गई।

आरोप है कि 27 दिसंबर 2024 को रोशनी कुशवाहा का अपने सास-ससुर से विवाद हुआ, जिसके बाद वह अपने पिता के साथ कथित तौर पर कट्टे की नोक पर ससुराल छोड़कर मायके चली गई। इसके करीब एक साल बाद रोशनी अपने पिता और कुछ लोगों के साथ दोबारा ससुराल पहुंची, जहां सास-ससुर के साथ मारपीट की गई और दहेज में दी गई बाइक को बिना चाबी दूसरी बाइक से बांधकर घसीटते हुए ले जाया गया।

पीड़ित पति का कहना है कि उसने घटना की शिकायत सिविल लाइन थाने में दी है, लेकिन पुलिस ने फिलहाल जांच का आश्वासन देकर आवेदन रख लिया है। पति का आरोप है कि उसे अपनी पत्नी और ससुराल पक्ष से जान का खतरा है, हालांकि वह यह भी कहता है कि वह अपनी पत्नी के साथ रहना चाहता है और पत्नी भी उसके साथ रहना चाहती है। उसका आरोप है कि ससुराल पक्ष लगातार उनके दांपत्य जीवन में हस्तक्षेप कर रहा है। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है और वायरल वीडियो के बाद यह घटना पूरे इलाके में चर्चा का विषय बनी हुई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *