पन्ना। मध्य प्रदेश के पन्ना में पुलिस ने एक बड़े अंतर्राज्यीय गिरोह का पर्दाफाश करते हुए शादी के नाम पर ठगी और लूटपाट करने वाली तथाकथित ‘लुटेरी दुल्हन’ गैंग के 9 सदस्यों को गिरफ्तार किया है। यह पूरा मामला बृजपुर थाना क्षेत्र का है, जहां यह गिरोह स्कार्पियो में सवार होकर वारदात को अंजाम देता था।
शिकायतकर्ता बसंत लाल त्रिपाठी को लल्लू चौधरी नाम के एक बिचौलिए ने शादी का झांसा दिया। जब वह लड़की देखने पहुंचे तो वहां पहले से मौजूद गिरोह के सदस्यों ने उन्हें डराया-धमकाया, अगवा कर सुनसान इलाके में ले गए और बंदूक की नोक पर 20 हजार रुपये नकद और 80 हजार रुपये ऑनलाइन ट्रांसफर करवा लिए। इतना ही नहीं, उनका टैबलेट भी लूट लिया गया।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक निवेदिता नायडू के निर्देशन में टीम ने तेजी से घेराबंदी की और 9 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया, जिनमें महिलाएं भी शामिल हैं। पुलिस ने वारदात में इस्तेमाल सफेद स्कार्पियो, अपाचे बाइक, 10 मोबाइल फोन और फर्जी शादी के लिए इस्तेमाल होने वाला मेकअप किट बरामद किया है।
गिरफ्तार आरोपी रीवा, सतना और छतरपुर के रहने वाले बताए जा रहे हैं। हालांकि गिरोह का मुख्य सरगना लल्लू चौधरी समेत तीन सदस्य अब भी फरार हैं, जिनकी तलाश जारी है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही पूरे नेटवर्क का खुलासा किया जाएगा।

