चाय न बनाने पर देवर बना हैवान, भाभी की पीट-पीटकर हत्या से मचा हड़कंप

रायसेन। मध्य प्रदेश के रायसेन जिले से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां एक मामूली घरेलू विवाद ने खौफनाक रूप ले लिया और एक देवर ने अपनी ही भाभी की डंडों से पीट-पीटकर हत्या कर दी, इस वारदात से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है।

यह घटना सलामतपुर थाना क्षेत्र के खोहा गांव की है, जहां गुरुवार सुबह घर में खाना बना रही 32 वर्षीय पूजा मालवीय से उसके देवर रामु मालवीय ने चाय बनाने को कहा, लेकिन भाभी के मना करते ही विवाद इतना बढ़ गया कि उसने गुस्से में आकर डंडे से हमला कर दिया।

उस समय घर में कोई और बड़ा सदस्य मौजूद नहीं था, पति और अन्य परिजन खेत पर गए हुए थे, घर पर सिर्फ महिला, उसका 8 साल का मासूम बेटा और आरोपी देवर ही थे, आरोपी ने बच्चे के सामने ही भाभी पर ताबड़तोड़ वार किए, बच्चा रोता रहा, चीखता रहा, पैरों से लिपटकर बचाने की कोशिश करता रहा, लेकिन आरोपी तब तक नहीं रुका जब तक महिला की मौत नहीं हो गई।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची, शव का पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया और आरोपी को मौके से ही गिरफ्तार कर लिया गया है, फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है कि आखिर एक छोटी सी बात ने इतना भयानक रूप कैसे ले लिया।

इस दर्दनाक घटना के बाद परिवार और गांव में मातम पसरा हुआ है, एक छोटी सी बात ने एक मासूम बच्चे से उसकी मां छीन ली और पूरे गांव को सदमे में डाल दिया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *