अंधेरे में रोशन हुए बजट के दावे, टॉर्च जलाकर बजट का बखान, UGC पर साधी चुप्पी, शहडोल में बीजेपी सांसद की पत्रकार वार्ता बनी चर्चा का विषय

 शहडोल। शहडोल से एक अजीबोगरीब नजारा सामने आया, जहां भाजपा सांसद हिमाद्री सिंह केंद्रीय बजट पर सरकार की उपलब्धियां गिनाने पहुंचीं, लेकिन पूरी पत्रकार वार्ता मोबाइल की टॉर्च की रोशनी में हुई। भाजपा कार्यालय में बिजली नहीं होने के कारण अंधेरे में टॉर्च जलाकर बजट का बखान किया गया, जिसका वीडियो और तस्वीरें सामने आते ही यह दृश्य चर्चा का विषय बन गया।

टॉर्च की रोशनी में आयोजित इस पत्रकार वार्ता के दौरान सांसद हिमाद्री सिंह ने केंद्रीय बजट की तारीफ करते हुए सरकार की नीतियों को जनहितकारी बताया। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार का बजट सबका साथ, सबका विकास की भावना को ध्यान में रखकर तैयार किया गया है और इसमें गरीब, किसान, युवा और महिलाओं के हितों को प्राथमिकता दी गई है। उनके मुताबिक सरकार का उद्देश्य है कि विकास का लाभ समाज के हर वर्ग तक पहुंचे और देश की अर्थव्यवस्था को मजबूती मिले।

हालांकि जब पत्रकारों ने यूजीसी से जुड़े मुद्दों पर सवाल किए, तो सांसद ने साफ जवाब देने से परहेज किया और इस पर चुप्पी साध ली। उन्होंने केवल इतना कहा कि सरकार ने सबके साथ न्याय और किसी के साथ अन्याय न हो की सोच के साथ यूजीसी से संबंधित व्यवस्था बनाई है और यह मामला फिलहाल न्यायालय में विचाराधीन है, इसलिए इस पर ज्यादा कुछ कहना उचित नहीं होगा।

पूरी पत्रकार वार्ता का सबसे हैरान करने वाला पहलू यही रहा कि केंद्रीय बजट जैसी बड़ी उपलब्धियों का दावा अंधेरे में मोबाइल की टॉर्च जलाकर किया गया। यह दृश्य सोशल मीडिया से लेकर राजनीतिक गलियारों तक चर्चा में बना हुआ है। कुल मिलाकर, जहां एक ओर बजट की तारीफों के पुल बांधे गए, वहीं यूजीसी जैसे संवेदनशील मुद्दे पर चुप्पी और अंधेरे में हुई यह पत्रकार वार्ता कई सवाल खड़े कर गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *