बैतूल। बैतूल जिले में प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक बीजेपी नेता के अवैध रूप से बने कॉम्प्लेक्स पर बुलडोजर चला दिया। मामला घोड़ाडोंगरी तहसील के चोपना बाजार का है, जहां सरकारी जमीन पर अतिक्रमण कर कॉम्प्लेक्स का निर्माण किया गया था। हाईकोर्ट में की गई अपील खारिज होने के बाद प्रशासन ने शनिवार को सख्त कदम उठाते हुए कार्रवाई को अंजाम दिया।
बताया जा रहा है कि इस मामले में तहसीलदार द्वारा पहले ही 40 हजार रुपए के जुर्माने का नोटिस जारी किया गया था। कार्रवाई में भाजपा नेता तपन विश्वास सहित तीन से चार अन्य लोगों के अतिक्रमण भी शामिल थे। प्रशासन ने स्पष्ट संदेश दिया है कि शासकीय भूमि पर कब्जा करने वालों को किसी भी स्थिति में बख्शा नहीं जाएगा और आगे भी सख्ती जारी रहेगी।
प्रशासनिक अमले की मौजूदगी में जेसीबी मशीनों से अवैध निर्माण हटाए गए। मौके पर एसडीएम, तहसीलदार और पुलिस बल तैनात रहा ताकि कार्रवाई शांतिपूर्ण ढंग से पूरी हो सके। जानकारी के अनुसार चोपना के मुख्य बाजार में बने इस कॉम्प्लेक्स की आधी दुकानें बेची भी जा चुकी थीं और पूरे क्षेत्र में करीब 12 से 15 दुकानों के अवैध निर्माण की बात सामने आई है।
इस पूरे मामले की शिकायत मुख्यमंत्री हेल्पलाइन पर दर्ज की गई थी, जिसके बाद जांच में अतिक्रमण हटाने और जुर्माना वसूलने के आदेश दिए गए। फिलहाल प्रशासन की कार्रवाई जारी है और चोपना बाजार में अन्य अवैध कब्जों पर भी बुलडोजर चलने की संभावना जताई जा रही है।

