उज्जैन। उज्जैन में महाकाल मंदिर के पास बेगमबाग क्षेत्र में मंगलवार को प्रशासन का बुलडोजर चला और 16 अवैध बिल्डिंग को जमींदोज कर दिया गया।
यह कार्रवाई उज्जैन विकास प्राधिकरण द्वारा की गई, जहां उन भूखंडों पर अवैध निर्माण किया गया था जो आवासीय योजनाओं के लिए आरक्षित थे, लेकिन उन पर व्यावसायिक अतिक्रमण कर लिया गया था।
कोर्ट से स्टे ऑर्डर खत्म होने के बाद प्रशासन ने यह बड़ी कार्रवाई शुरू की।
कार्रवाई के दौरान मौके पर उज्जैन विकास प्राधिकरण के अधिकारी, 50 से अधिक पुलिसकर्मी, नगर निगम के कर्मचारी और प्रशासनिक अमला तैनात रहा।
आधा दर्जन से ज्यादा पोकलेन और बुलडोजर की मदद से अवैध निर्माणों को गिराया गया। बताया गया कि 45 आवासीय भूखंडों को नियम विरुद्ध 90 हिस्सों में बांटकर व्यावसायिक निर्माण कर लिए गए थे।
इससे पहले भी 42 अवैध बिल्डिंग को हटाया जा चुका है।
लोअर कोर्ट, हाई कोर्ट और सुप्रीम कोर्ट से स्टे समाप्त होने के बाद यह कार्रवाई शुरू की गई। बुलडोजर कार्रवाई महाकाल मंदिर के नीलकंठ द्वार के पास से शुरू हुई।
फिलहाल पूरे इलाके में सुरक्षा के मद्देनजर भारी पुलिस बल तैनात है और प्रशासन स्थिति पर नजर बनाए हुए है।

