रात में अतिक्रमण पर चला बुलडोजर, पथराव के आरोपों पर प्रशासन का इनकार

दतिया। मध्यप्रदेश के दतिया में अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई को लेकर प्रशासन की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े हो गए हैं। रविवार को अवकाश होने के बावजूद दिनभर कोई कार्रवाई नहीं हुई और देर रात जिला प्रशासन की टीम रामनगर इलाके में बुलडोजर लेकर अतिक्रमण हटाने पहुंच गई, जिसके बाद इलाके में हड़कंप मच गया।

रामनगर में सर्वे क्रमांक 617 की सरकारी जमीन पर पुलिस और नगरपालिका अमले के साथ प्रशासन ने बुलडोजर चलाकर अतिक्रमण हटाया। अधिकारियों के मुताबिक चार हजार स्क्वायर फीट से ज्यादा शासकीय भूमि को अतिक्रमण से मुक्त कराया गया और यह जमीन आईटीआई कॉलेज की बताई जा रही है।

कार्रवाई के दौरान अतिक्रमणकारियों और प्रशासनिक अमले के बीच तीखी नोकझोंक की स्थिति बनी। स्थानीय लोगों का आरोप है कि इस दौरान टीम पर पथराव भी हुआ, हालांकि प्रशासन ने पथराव की घटना से साफ इनकार किया है। तहसीलदार ब्रजमोहन आर्य के मुताबिक कार्रवाई शांतिपूर्ण तरीके से पूरी की गई और सरकारी जमीन को कब्जे से मुक्त करा लिया गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *