होली पर रुकेंगे बसों के पहिए, नई परिवहन नीति के विरोध में 2 मार्च से अनिश्चितकालीन हड़ताल

जबलपुर। मध्य प्रदेश में इस बार होली के मौके पर यात्रियों को बड़ी परेशानी का सामना करना पड़ सकता है, क्योंकि 2 मार्च से बस एसोसिएशन ने नई परिवहन नीति के विरोध में अनिश्चितकालीन हड़ताल का ऐलान कर दिया है। त्योहारों के बीच बसों का संचालन ठप रहने से पूरे प्रदेश में आवागमन प्रभावित होगा और हजारों लोग समय से पहले अपने घर लौटने को मजबूर हो रहे हैं।

बस एसोसिएशन का आरोप है कि नई नीति के जरिए बसों का राष्ट्रीयकरण कर निजी बस संचालकों को धीरे-धीरे बाहर करने की योजना बनाई जा रही है। संगठन का कहना है कि परमिट का अधिकार एक ही कंपनी को सौंपने की तैयारी है, जिससे ट्रांसपोर्ट सेक्टर में मल्टीनेशनल कंपनियों की एंट्री होगी और छोटे बस मालिकों का अस्तित्व संकट में पड़ जाएगा। उनका आरोप है कि निजी बसों के परमिट रद्द कर उन्हें अनुबंध के आधार पर चलाने की योजना है, जिससे बस मालिक केवल किराएदार बनकर रह जाएंगे।

वहीं नई परिवहन नीति के तहत बसों की पूरी तरह डिजिटल मॉनिटरिंग की व्यवस्था होगी, वाहनों को अपडेट रखना अनिवार्य होगा और ओवरलोडिंग पर सख्त कार्रवाई के साथ भारी चालान का प्रावधान किया जाएगा। किसी भी रूट का किराया परिवहन विभाग तय करेगा और बस संचालन पर सरकार का पूर्ण नियंत्रण रहेगा। अब देखना होगा कि सरकार और बस संचालकों के बीच यह टकराव कब तक चलता है और होली पर यात्रियों को राहत मिलती है या नहीं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *