ग्वालियर में करोड़ों की गाड़ियों का खेल, किराये के नाम पर लग्जरी वाहन लेकर फरार हुआ शातिर गिरफ्तार

ग्वालियर। ग्वालियर में एक ऐसा गोलमाल सामने आया है जिसने दर्जनों वाहन मालिकों को झटका दे दिया। मोटी कमाई और अच्छे किराये का लालच देकर लग्जरी गाड़ियां लेने वाला शातिर आखिरकार पुलिस के हत्थे चढ़ गया है। ग्वालियर क्राइम ब्रांच ने आरोपी हिमाचल शर्मा को जयपुर से गिरफ्तार किया है और कोर्ट में पेश करने के बाद उसे न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया है।

कुछ समय पहले करीब 42 लोग पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंचे थे और एसएसपी धर्मवीर सिंह से धोखाधड़ी की शिकायत की थी। आरोप था कि पटेल नगर सिटी सेंटर निवासी हिमाचल शर्मा ने टूर एंड ट्रेवल्स से जुड़े लोगों को ऊंचे किराये का झांसा देकर उनकी महंगी कारें, एसयूवी, ट्रैक्टर-ट्रॉली, डंपर और ट्रक तक अपने कब्जे में ले लिए। बताया जाता है कि आरोपी पहले भी फर्जी सूबेदार बनकर लोगों को ठग चुका है और उसके खिलाफ पहले से धोखाधड़ी का मामला दर्ज है।

हैरानी की बात यह है कि हिमाचल शर्मा पुलिस सब इंस्पेक्टर की वर्दी पहनकर भरोसा जीतता था। गाड़ियां लेने के बाद उसने उनमें लगे जीपीएस सिस्टम तक निकलवा दिए। जब वाहन मालिकों को शक हुआ और उन्होंने गाड़ियां सर्विस के बहाने वापस मांगीं तो आरोपी ने न केवल देने से इनकार किया बल्कि किराया भी नहीं चुकाया। इसके बाद वह अचानक शहर से गायब हो गया।

शिकायतों का दबाव बढ़ने पर उसने अपना ठिकाना जयपुर बना लिया। जांच में सामने आया है कि उसने फरीदाबाद के एक व्यक्ति के साथ मिलकर करोड़ों रुपये के वाहनों को खुर्द-बुर्द किया। फिलहाल पुलिस रिमांड पर लेकर उससे पूछताछ कर रही है और उसके साथी की तलाश जारी है। इस पूरे मामले ने एक बार फिर साबित कर दिया है कि लालच का झांसा कभी-कभी करोड़ों का नुकसान करा सकता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *