AI से प्लेन की इमरजेंसी लैंडिंग दिखाने का मामला, युवक ने मांगी माफी, लोगों से अपील ऐसे वीडियो न बनाएं

जबलपुर। AI यानी आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस के जरिए प्लेन की इमरजेंसी लैंडिंग दिखाने के मामले में आरोपी युवक ने थाने पहुंचकर माफी मांग ली है। युवक ने पुलिस प्रशासन और एयरपोर्ट अथॉरिटी से लिखित रूप से क्षमा याचना करते हुए कहा कि उससे बड़ी गलती हो गई और भविष्य में वह इस तरह की हरकत दोबारा नहीं करेगा। साथ ही उसने लोगों से भी अपील की कि सोशल मीडिया पर लाइक और व्यूज के लिए इस तरह के भ्रामक वीडियो न बनाएं।

जानकारी के मुताबिक आरोपी महाकौशल कॉलेज का छात्र है और नरसिंहपुर का रहने वाला है। उसने AI की मदद से प्लेन की इमरजेंसी लैंडिंग का वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर अपलोड किया था। वीडियो सामने आने के बाद पुलिस ने IP एड्रेस के जरिए आरोपी तक पहुंचकर उससे पूछताछ की। पूछताछ में युवक ने कबूल किया कि उसने सिर्फ सोशल मीडिया पर लाइक और व्यूज बढ़ाने के लिए यह वीडियो बनाया था।

पुलिस ने आरोपी छात्र के खिलाफ प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की है। बताया गया है कि युवक ने जबलपुर रेलवे स्टेशन और आसपास के रिहायशी इलाके में प्लेन की इमरजेंसी लैंडिंग दिखाने वाले वीडियो वायरल किए थे, जिससे अफरा-तफरी की स्थिति बन सकती थी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *