रतलाम टोल प्लाजा पर केंद्रीय नारकोटिक्स ब्यूरो की बड़ी कार्रवाई, 2 करोड़ 46 लाख की हेरोइन जब्त

नीमच। केंद्रीय नारकोटिक्स ब्यूरो की टीम ने मध्यप्रदेश में नशे के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए रतलाम जिले के बिलपांक टोल प्लाजा पर दबिश दी और दो तस्करों के कब्जे से करीब 2 करोड़ 46 लाख रुपए कीमत की 0.352 किलोग्राम अवैध हेरोइन, जिसे ब्राउन शुगर भी कहा जाता है, बरामद की। इस कार्रवाई का नेतृत्व डिप्टी नारकोटिक्स कमिश्नर के निर्देशन में किया गया, जिसमें मौके से दो आरोपियों को गिरफ्तार किया गया और तस्करी में इस्तेमाल की जा रही काले रंग की कार को भी जब्त कर लिया गया।

विशेष खुफिया सूचना के आधार पर टीम ने मंदसौर से इंदौर की ओर जा रहे एक संदिग्ध वाहन पर नजर रखी। जैसे ही वाहन नीमच-मऊ हाईवे स्थित बिलपांक टोल प्लाजा पहुंचा, अधिकारियों ने उसे रोककर सघन तलाशी ली। वाहन और उसमें सवार दोनों व्यक्तियों की गहन जांच के दौरान हेरोइन बरामद हुई, जिसके बाद तुरंत कार्रवाई करते हुए दोनों को हिरासत में ले लिया गया।

आरोपियों के खिलाफ मादक पदार्थ तस्करी से संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर आगे की कानूनी प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। इस पूरी कार्रवाई की पुष्टि पुलिस प्रशासन द्वारा जारी प्रेस नोट में भी की गई है, और मामले की विस्तृत जांच जारी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *