शहडोल। पंडित शंभू नाथ विश्व विश्वविद्यालय में आयोजित दीक्षांत समारोह उस समय विवादों में आ गया जब छात्रों ने आरोप लगाया कि उन्हें बासी और दूषित भोजन परोसा गया। गरिमामय माहौल के बीच जैसे ही खाने के पैकेट खुले, कई छात्रों ने भोजन से दुर्गंध आने और उसके ठंडा होने की शिकायत की। नाराज छात्रों ने विरोध जताते हुए खाने के डिब्बे फेंक दिए, जिससे समारोह स्थल पर हंगामे की स्थिति बन गई।
जानकारी के मुताबिक भोजन की व्यवस्था ओम सांई कैटर्स द्वारा की गई थी। छात्रों का कहना है कि दीक्षांत जैसे महत्वपूर्ण अवसर पर इस तरह की लापरवाही ने विश्वविद्यालय प्रशासन की तैयारियों पर सवाल खड़े कर दिए हैं। कई छात्र भोजन की गुणवत्ता से इतने असहज हुए कि उन्होंने तत्काल विरोध दर्ज कराया।
मामले की जानकारी मिलते ही कुलगुरु रामशंकर ने हस्तक्षेप किया और स्पष्ट शब्दों में कहा कि कैटर्स की भूमिका संदिग्ध है, पूरे प्रकरण की जांच कराई जाएगी और दोषी पाए जाने पर कड़ी कार्रवाई होगी। उन्होंने यह भी कहा कि संबंधित कैटर्स को किसी प्रकार का भुगतान नहीं किया जाएगा।
उल्लेखनीय है कि इस समारोह में प्रदेश के राज्यपाल मंगू भाई पटेल को भी शामिल होना था, लेकिन हेलीकॉप्टर में तकनीकी खराबी के कारण उनका दौरा निरस्त हो गया। हालांकि कार्यक्रम संपन्न हुआ, लेकिन दूषित भोजन के आरोपों ने पूरे आयोजन की गरिमा पर प्रश्नचिह्न लगा दिया है। फिलहाल विश्वविद्यालय प्रशासन जांच में जुटा है और छात्रों की नाराजगी को देखते हुए जल्द ठोस कदम उठाने का आश्वासन दिया गया है।

