खंडवा में अतिक्रमण हटाने के दौरान बवाल, नेता प्रतिपक्ष ने सिटी मजिस्ट्रेट के पैर छुए, कहा– बजरंग बली के अवतार आप बचा लो

खंडवा। खंडवा के सूरजकुंड क्षेत्र में अतिक्रमण हटाने के दौरान बड़ी परेशानी खड़ी हो गई। नगर निगम ने कुछ घरों पर बुलडोजर चलाना शुरू किया, जिससे स्थानीय लोग नाराज हो गए और कलेक्टर कार्यालय पहुंचकर जमकर नारेबाजी की। उन्होंने कहा, हमारे ऊपर बुलडोजर चला दो और हमारी समाधि बना दो, हम यहां सालों से रह रहे हैं।

महिलाओं ने कहा कि हमें यहां से हटाने से पहले रहने का इंतजाम किया जाए। यहां पांच पीढ़ियों से लोग रह रहे हैं और सभी टैक्स भी देते हैं।

इस बीच अजीब वाकया सामने आया जब नगर निगम में नेता प्रतिपक्ष दीपक मुल्लू राठौर सिटी मजिस्ट्रेट बजरंग सिंह बहादुर के पैर छूने लगे। उन्होंने कहा कि आप हमारे रक्षक हो, बजरंग बली के अवतार हो, आप बचा लो। सिटी मजिस्ट्रेट ने शांति से कहा, चिंता मत करो, अभी अपने घर जाओ।

दीपक राठौर ने आरोप लगाया कि हिंदुत्व का दावा करने वाले क्यों चुप हैं, त्योहार के दौरान माता बहनों को हटाया जा रहा है और कोई आवाज नहीं उठा रहा। उन्होंने सवाल उठाया कि ऐसे हिंदू राष्ट्र कैसे बनेंगे।

स्थानीय पार्षद ने बताया कि वे लगातार रेलवे से निवेदन कर रहे हैं कि यह जगह नजूल में आती है, इसकी नपती करवा दी जाए। जिला प्रशासन के हस्तक्षेप के बाद रेलवे ने अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई फिलहाल रोक दी है। कल जिला प्रशासन के आला अधिकारी मौके पर पहुंचकर अंतिम निर्णय लेंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *