खंडवा में मंत्री विजय शाह के पुतला दहन के दौरान बवाल, कांग्रेस-एसडीएम आमने-सामने

 खंडवा। लाड़ली बहना योजना से जुड़े मंत्री विजय शाह के मामले को लेकर खंडवा में कांग्रेस ने जोरदार विरोध प्रदर्शन किया। केवलराम चौराहे पर पुतला दहन के दौरान माहौल उस वक्त तनावपूर्ण हो गया, जब कांग्रेस कार्यकर्ताओं और मौके पर मौजूद एसडीएम के बीच तीखी नोंकझोंक शुरू हो गई। स्थिति तब और बिगड़ गई जब एसडीएम ने फायर ब्रिगेड कर्मचारियों को जलते पुतले पर पानी डालने के आदेश दे दिए।

महिला कांग्रेस के आह्वान पर हुए इस प्रदर्शन में जैसे ही फायर ब्रिगेड से पानी डाला जाने लगा, कांग्रेस कार्यकर्ता भड़क उठे। गुस्साए कार्यकर्ताओं ने पानी की पाइप छीन ली और उसे एसडीएम की ओर मोड़ दिया। इस छीना-झपटी में एसडीएम पानी की बौछार में भीग गए और कई कांग्रेस कार्यकर्ता भी तरबतर हो गए। कुछ देर के लिए चौराहे पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया, जिसके बाद पुलिस और प्रशासन ने हालात पर काबू पाया।

कांग्रेस का कहना है कि लाड़ली बहना योजना से जुड़े मुद्दे पर मंत्री विजय शाह के खिलाफ अब तक कोई कार्रवाई नहीं हुई, इसी वजह से यह विरोध प्रदर्शन किया गया। प्रदर्शन में महिला कांग्रेस की पदाधिकारी, शहर और जिला अध्यक्ष सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे।

कांग्रेस नेताओं ने आरोप लगाया कि यह शांतिपूर्ण पुतला दहन था, लेकिन प्रशासन ने जबरन पानी डलवाकर प्रदर्शन को दबाने की कोशिश की। उन्होंने साफ कहा कि जब तक मंत्री के खिलाफ ठोस कार्रवाई नहीं होती, तब तक उनका विरोध जारी रहेगा और वे जनता की आवाज उठाते रहेंगे।

वहीं एसडीएम का कहना है कि कानून-व्यवस्था बनाए रखना प्रशासन की जिम्मेदारी है। पुतला दहन के बाद आग फैलने या किसी तरह की दुर्घटना की आशंका थी, इसलिए फायर ब्रिगेड से पानी डलवाया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *