इंदौर। इंदौर से मुंबई जाने वाली अवंतिका एक्सप्रेस में आरक्षित कोचों में भारी अव्यवस्था की शिकायत सामने आई है। रिजर्वेशन डिब्बों में अनधिकृत यात्रियों की भीड़ के कारण यात्रियों को गंभीर परेशानी का सामना करना पड़ा। परेशान यात्रियों ने डीआरएम, भारतीय रेल और रेल मंत्री तक ऑनलाइन शिकायत दर्ज कराई है, जिसके बाद जांच के निर्देश दिए गए हैं।
जानकारी के मुताबिक अर्पित पोरवाल स्लीपर कोच एस-2 में यात्रा कर रहे थे। उन्होंने बताया कि उनके कोच सहित कई डिब्बों में इतनी भीड़ थी कि अपनी सीट तक पहुंचना भी मुश्किल हो गया था। महिला और तीन साल की बच्ची के साथ सफर कर रहे एक परिवार ने सुरक्षा को लेकर चिंता जताई और स्थिति को बेहद असुरक्षित बताया।
यात्रियों का आरोप है कि ट्रेन में भीड़ नियंत्रित करने के लिए न तो आरपीएफ मौजूद थी और न ही रेलवे स्टाफ नजर आया। इसे सुरक्षा व्यवस्था की बड़ी चूक बताया गया है। मामला बढ़ने पर यात्रियों ने सोशल मीडिया पर डीआरएम रतलाम, भारतीय रेल और रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव को टैग करते हुए शिकायत की।
डीआरएम रतलाम ने मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच के निर्देश दिए हैं। आरपीएफ और वाणिज्य विभाग को पूरे प्रकरण की जांच कर उचित कार्रवाई करने के आदेश दिए गए हैं। अब सभी की नजर इस बात पर है कि यात्रियों की सुरक्षा और व्यवस्था को लेकर क्या कदम उठाए जाते हैं।

