जबलपुर। जबलपुर के पाटन क्षेत्र से एक गंभीर और चौंकाने वाला मामला सामने आया है, जहां बकाया बिजली बिल वसूलने गई विद्युत विभाग की टीम पर हमला कर दिया गया। सरकारी काम से पहुंचे कर्मचारियों के साथ न सिर्फ बदसलूकी हुई, बल्कि उनके साथ मारपीट भी की गई।
यह घटना पाटन तहसील के सकरा गांव की है, जहां कनिष्ठ अभियंता मनोज दुबे अपनी टीम के साथ बकाया बिजली बिल की वसूली और लोड जांच के लिए पहुंचे थे। बातचीत के दौरान उपभोक्ता से हाई लोड को लेकर विवाद शुरू हुआ, जो देखते ही देखते हिंसक झगड़े में बदल गया।
आरोप है कि सौरभ जैन और उनके पिता ने जूनियर इंजीनियर मनोज दुबे के साथ जमकर मारपीट की, जिससे मौके पर अफरा-तफरी मच गई। सरकारी कर्मचारी पर हुए इस हमले से पूरे विभाग में आक्रोश फैल गया।
घटना के बाद बड़ी संख्या में विद्युत मंडल के कर्मचारी पाटन थाने पहुंचे और आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग करते हुए थाने का घेराव किया। पुलिस ने मनोज दुबे की शिकायत पर आरोपियों के खिलाफ शासकीय कार्य में बाधा डालने और मारपीट की धाराओं में मामला दर्ज कर लिया है।
ग्रामीण इलाकों में बिजली बिल वसूली और लोड चेकिंग के दौरान इस तरह की घटनाएं लगातार सामने आ रही हैं, जो सरकारी कर्मचारियों की सुरक्षा पर गंभीर सवाल खड़े करती हैं।

