छिंदवाड़ा कफ सिरप कांड: परासिया में बड़ी कार्रवाई, तीन मेडिकल स्टोर्स का लाइसेंस रद्द

 छिंदवाड़ा। मध्य प्रदेश के छिंदवाड़ा में जहरीले कफ सिरप से हुई बच्चों की मौत के बाद सरकार अब सख्त एक्शन में है। प्रशासन लगातार कार्रवाई कर रहा है और इस कड़ी में अब परासिया के तीन औषधि विक्रेताओं का लाइसेंस निरस्त कर दिया गया है।

भोपाल से आई खाद्य एवं औषधि निरीक्षकों की विशेष जांच टीम ने छिंदवाड़ा जिले के परासिया में स्थित पारस मेडिकल स्टोर, रसेला मेडिकल स्टोर और श्रीवास्तव मेडिकल स्टोर का निरीक्षण किया। जांच में सामने आया कि इन दुकानों पर दूषित औषधि Coldrif (बैच नं. SR-13) का विक्रय किया गया था। इतना ही नहीं, इन मेडिकल संचालकों ने औषधि एवं प्रसाधन सामग्री अधिनियम का उल्लंघन करते हुए गलत बिल भी जारी किए थे।

जांच टीम ने तुरंत प्रभाव से तीनों मेडिकल स्टोर्स के लाइसेंस रद्द कर दिए और दुकानों को सील कर दिया गया है।

आपको बता दें कि छिंदवाड़ा और बैतूल जिलों में इसी दूषित कफ सिरप के सेवन से अब तक 20 से ज्यादा बच्चों की मौत हो चुकी है। यह मामला अब राज्यभर में हड़कंप मचा चुका है और सरकार ने स्पष्ट किया है कि दोषियों पर किसी भी तरह की रियायत नहीं बरती जाएगी। फिलहाल इस पूरे प्रकरण की गहन जांच जारी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *