भोपाल। मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव हरिद्वार दौरे पर पहुंचे, जहां उन्होंने पतंजलि योगपीठ में बाबा रामदेव के साथ योगाभ्यास किया। इस दौरान मुख्यमंत्री ने योग के विभिन्न आसनों का अभ्यास किया और कन्या गुरुकुल में बाबा रामदेव के साथ हवन में भी सहभागिता की।
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव और बाबा रामदेव की साथ-साथ शीर्षासन करते हुए तस्वीरें सामने आई हैं, जिन्हें देखकर लोग हैरान हैं। मुख्यमंत्री का यह रूप पहली बार सामने आया है, जिससे यह स्पष्ट होता है कि वे नियमित रूप से योगाभ्यास करते हैं। शीर्षासन जैसे कठिन आसन एक दिन में संभव नहीं होते, इसके लिए निरंतर अभ्यास जरूरी होता है, और यही कारण है कि मुख्यमंत्री ने बाबा रामदेव के साथ सहजता से विभिन्न योगासन किए।
हरिद्वार में मुख्यमंत्री का एक और सादगी भरा रूप भी देखने को मिला। यज्ञ वेदी में बैठने से पहले उनके लिए बिछाया गया आसन उन्होंने सम्मानपूर्वक बाबा रामदेव को दे दिया और स्वयं बिना आसन के बैठ गए। इस दौरान मुख्यमंत्री ने भारतीय योग संस्कृति के प्रसार में योगदान के लिए बाबा रामदेव की सराहना करते हुए उन्हें योग के क्षेत्र में भागीरथ जैसा योगदान देने वाला बताया।

