मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव खजुराहो पहुंचे, दो दिनों तक चलेगी ऐतिहासिक कैबिनेट बैठक और विकास योजनाओं का होगा अनावरण

खजुराहो। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव सोमवार को खजुराहो स्थित महाराजा छत्रसाल कन्वेंशन सेंटर पहुंच गए हैं, जहां आज से अगले दो दिनों तक उनकी अध्यक्षता में प्रदेश मंत्रिपरिषद की अहम बैठकें आयोजित की जा रही हैं। इस दौरान मुख्यमंत्री सबसे पहले महाराजा छत्रसाल की प्रतिमा का अनावरण करेंगे और साथ ही बुंदेलखंड मेडिकल कॉलेज के मॉडल तथा सागर–कबरई इकोनॉमिक कॉरिडोर के माइलस्टोन का भी औपचारिक शुभारंभ करेंगे।

अपने दो दिवसीय प्रवास में मुख्यमंत्री अलग-अलग आठ विभागों के मंत्रियों के साथ पृथक बैठकों में भाग लेंगे, जबकि मंगलवार को दोपहर तीन बजे से शाम पांच बजे तक पूर्ण कैबिनेट बैठक आयोजित होगी। माना जा रहा है कि इस बैठक में बुंदेलखंड क्षेत्र के विकास से जुड़े कई अहम फैसले लिए जा सकते हैं और आगामी बजट से पहले महत्वपूर्ण योजनाओं को मंजूरी मिल सकती है।

खजुराहो प्रवास के दौरान मुख्यमंत्री लाड़ली बहना सम्मेलन में भी हिस्सा लेंगे, जहां वह योजना की राशि सीधे लाभार्थी बहनों के खातों में ट्रांसफर करेंगे। यह पहली बार है जब भोपाल और इंदौर के बाहर खजुराहो में राज्य सरकार की कैबिनेट बैठक हो रही है, जिससे बुंदेलखंड को विकास का बड़ा संदेश मिलने की उम्मीद जताई जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *