ईरान के सुप्रीम लीडर अयातुल्लाह अली खामेनेई की मौत के बाद वैश्विक सियासत में हलचल तेज हो गई है। अमेरिका और इजरायल की संयुक्त सैन्य कार्रवाई के बाद अब चीन और उत्तर कोरिया ने खुलकर अपनी प्रतिक्रिया दी है। चीन ने साफ शब्दों में कहा है कि ईरान पर हमला किसी भी हाल में स्वीकार्य नहीं है, जबकि उत्तर कोरिया के नेता किम जोंग उन ने भी इस कार्रवाई की तीखी आलोचना की है।
चीन के विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता ने आधिकारिक बयान में कहा कि ईरान के सर्वोच्च नेता पर हमला और उनकी हत्या, ईरान की संप्रभुता और सुरक्षा का गंभीर उल्लंघन है। यह संयुक्त राष्ट्र चार्टर के सिद्धांतों और अंतरराष्ट्रीय संबंधों के बुनियादी मानदंडों के खिलाफ है। चीन ने इस कार्रवाई की कड़ी निंदा करते हुए तत्काल सैन्य अभियान रोकने और क्षेत्र में शांति बहाल करने की अपील की है।
चीन ने अपने बयान में यह भी कहा कि बढ़ते तनाव को और भड़कने से रोकना जरूरी है और मध्य-पूर्व समेत पूरी दुनिया में स्थिरता बनाए रखने के लिए सभी पक्षों को संयम बरतना चाहिए।
वहीं उत्तर कोरिया ने भी अमेरिका और इजरायल की कार्रवाई को ‘अवैध आक्रमण’ बताया है। उत्तर कोरिया के विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता ने इसे राष्ट्रीय संप्रभुता का उल्लंघन करार देते हुए अमेरिका को ‘वर्चस्ववादी’ मानसिकता वाला देश बताया। उन्होंने कहा कि यह सैन्य कार्रवाई अमेरिका के दबदबे की नीति का परिणाम है।
गौरतलब है कि शनिवार दोपहर अमेरिका और इजरायल ने मिलकर ईरान पर भीषण हवाई हमला किया था, जिसमें अयातुल्लाह अली खामेनेई की मौत की खबर सामने आई। ईरानी रेड क्रिसेंट सोसाइटी के अनुसार, अलग-अलग इलाकों में हुए हमलों में 200 से अधिक लोगों की जान गई है और सैकड़ों लोग घायल हुए हैं। इस पूरे घटनाक्रम के बाद मध्य-पूर्व में हालात और ज्यादा तनावपूर्ण हो गए हैं।

