इंदौर। इंदौर में चाइनीज मांझे से 16 साल के बच्चे की मौत के बाद पुलिस ने एडवाइजरी और हेल्पलाइन नंबर तक जारी किए, लेकिन इसके बावजूद जानलेवा मांझे का कारोबार जारी है। पुलिस लगातार कार्रवाई कर रही है, फिर भी कुछ लोग मौत का यह व्यापार बंद करने को तैयार नहीं हैं, जिससे आम लोग डर के साए में जीने को मजबूर हैं।
पुलिस के मुताबिक चाइनीज डोर बेहद खतरनाक धागा है, जिसकी खरीद-फरोख्त पर पूरी तरह प्रतिबंध है। हाल ही में इसी डोर से एक नाबालिग की जान गई थी, जिसके बाद पुलिस ने सख्ती बढ़ा दी है। अब तक 20 से ज्यादा लोगों पर प्रतिबंधात्मक धाराओं में कार्रवाई की जा चुकी है और कई मामलों में जिला बदर जैसी सख्त कार्रवाई भी की गई है।
चेकिंग के दौरान जूनी इंदौर पुलिस ने रवि राजानी को गिरफ्तार किया, जो चार पहिया वाहन से चाइनीज डोर की सप्लाई करने जा रहा था। उसकी गाड़ी से 8 बोरों में भरा चाइनीज मांझा और गिरी जब्त की गई। वहीं द्वारिकापुरी पुलिस ने सचिन नामक युवक के पास से 5 गिरी चाइनीज डोर पकड़ी है।
पुलिस दोनों मामलों में सख्त प्रतिबंधात्मक कार्रवाई कर रही है, ताकि यह जानलेवा डोर किसी और की जान न ले सके, लेकिन सवाल यही है कि जब मौत सामने दिख रही है, तब भी यह खतरनाक कारोबार आखिर कब रुकेगा।

