चाइनीज मांझे ने काटी जिंदगी की डोर: इंदौर में बाइक सवार की दर्दनाक मौत, पहले ही बेटे को खो चुका था परिवार

 इंदौर। मध्य प्रदेश के इंदौर में चाइनीज मांझे का खौफ लगातार बढ़ता जा रहा है और एक बार फिर इसने एक परिवार की खुशियां छीन लीं। कनाडिया और तिलक नगर के बीच बिचौली मर्दाना इलाके के पास बाइक से जा रहे एक व्यक्ति की गर्दन में अचानक चाइनीज मांजा फंस गया, जिससे उसका गला बुरी तरह कट गया और वह गंभीर रूप से घायल हो गया। आनन-फानन में उसे अस्पताल ले जाया गया, लेकिन इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।

मृतक की पहचान रघुवीर धाकड़ के रूप में हुई है, जो बिचौली मर्दाना स्थित ओम साईं विहार कॉलोनी का रहने वाला था। पुलिस के अनुसार घटना की सूचना मिलते ही जांच शुरू कर दी गई। परिजनों ने बताया कि रघुवीर टाइल्स की ठेकेदारी का काम करता था और रविवार की छुट्टी के चलते वह एक साइट देखने गया था। लौटते समय बाइक चलाते हुए अचानक चाइनीज मांजा उसकी गर्दन में उलझ गया और पल भर में उसकी जिंदगी छीन ली।

घटना के बाद राहगीरों ने रघुवीर के मोबाइल से परिजनों को सूचना दी। परिवार जब तक अस्पताल पहुंचा, डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। इस दर्दनाक हादसे ने परिवार को पूरी तरह तोड़ दिया है। परिजनों ने बताया कि रघुवीर का एक बेटा साहिल है, जो पढ़ाई कर रहा है, जबकि दो साल पहले उसके दूसरे बेटे की पानी में डूबने से मौत हो चुकी थी।

एक के बाद एक हादसों ने परिवार पर दुखों का पहाड़ तोड़ दिया है। इस घटना के बाद एक बार फिर इंदौर में चाइनीज मांझे की बिक्री और इसके इस्तेमाल पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं, साथ ही प्रशासन से सख्त कार्रवाई की मांग भी तेज हो गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *