चिराग पासवान ने वैशाली के महुआ में विशाल जनसभा को किया संबोधित, कहा- विपक्ष को वोट दिया तो 5 साल सिर्फ…

Bihar Elections 2025: बिहार चुनाव 2025 में आज वैशाली जिले के महुआ से एनडीए के चुनावी अभियान को बड़ा बल मिला, जब केंद्रीय मंत्री और लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) के प्रमुख चिराग पासवान ने कुशहर के खेल मैदान में एक विशाल जनसभा को संबोधित किया। मैदान खचाखच भरा था, लोग दूर-दूर से चिराग की बात सुनने पहुंचे थे। मंच पर भाजपा के वरिष्ठ नेता और पूर्व केंद्रीय मंत्री जनार्दन सिंह सिग्रीवाल समेत एनडीए के कई नेता मौजूद थे। इस सभा का मुख्य उद्देश्य था—लोजपा (रामविलास) के प्रत्याशी संजय कुमार सिंह के पक्ष में जनसमर्थन जुटाना।

चिराग पासवान ने जोश भरे अंदाज़ में कहा—“अगर आप संजय सिंह को विधायक बनाते हैं, तो वे दिल्ली और पटना में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के साथ बैठकर आपकी आवाज़ बुलंद करेंगे। लेकिन अगर आप विपक्ष को वोट देंगे, तो वे पांच साल तक बस यही कहेंगे कि हमारी कोई नहीं सुनता!” उन्होंने जनता से भावुक अपील की कि महुआ की आवाज़ मज़बूत करने के लिए एनडीए समर्थित उम्मीदवार संजय सिंह को भारी मतों से जीताएं।

बिना किसी का नाम लिए चिराग ने अपने विरोधियों पर भी तीखा तंज कसा। उन्होंने कहा—“कुछ लोग मेरी राजनीतिक हत्या करना चाहते थे, लेकिन मैंने ‘बिहार फर्स्ट, बिहारी फर्स्ट’ के नारे के साथ अपनी यात्रा जारी रखी। लोकसभा चुनाव के नतीजों ने साबित कर दिया कि जनता आज भी मेरे साथ खड़ी है।”

चिराग पासवान ने मंच से वादा किया कि अगर जनता उनका साथ देती है, तो वे वैशाली को विकास की नई ऊँचाइयों पर ले जाएंगे। उन्होंने कहा—“जो सपने रामविलास पासवान जी ने देखे थे, उन्हें पूरा करना मेरा कर्तव्य है।”

सभा के अंत में उन्होंने जोश और आत्मविश्वास के साथ कहा—“महुआ की धरती ने हमेशा सच्चाई का साथ दिया है, और इस बार भी संजय सिंह की ऐतिहासिक जीत तय है।”
मंच के नीचे लोगों की तालियों और नारों की गूंज साफ बता रही थी कि चिराग का असर अब भी जनता के दिलों में गहराई से कायम है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *