बुरहानपुर। मध्य प्रदेश के बुरहानपुर में 10वीं बोर्ड परीक्षा के दौरान बड़ा लापरवाही का मामला सामने आया है, जहां एक शिक्षिका द्वारा परीक्षा से पहले प्रश्न पत्र की फोटो व्हाट्सएप स्टेटस पर लगाने से हड़कंप मच गया। मामले की जानकारी मिलते ही प्रशासन हरकत में आया और कलेक्टर हर्ष सिंह ने तत्काल कार्रवाई करते हुए शिक्षिका को निलंबित कर जांच के आदेश दे दिए।
जानकारी के मुताबिक मंगलवार को अंग्रेजी विषय की परीक्षा आयोजित थी। सुबह करीब 9 बजकर 35 मिनट पर सूचना मिली कि तुकईथड क्षेत्र की प्राथमिक शिक्षिका राजकुमारी सोनी ने अपने व्हाट्सएप स्टेटस पर प्रश्न पत्र की तस्वीर साझा कर दी है। एडीएम द्वारा कराई गई जांच में सामने आया कि यह फोटो सुबह करीब 9 बजकर 6 मिनट पर स्टेटस पर डाली गई थी।
जांच के दौरान यह भी खुलासा हुआ कि शिक्षिका ने कथित तौर पर अनुपस्थित छात्र की डेस्क से प्रश्न पत्र की फोटो खींची और उसे एक अन्य व्यक्ति को भेजा, ताकि प्रश्न हल कर नकल कराई जा सके। केंद्र तुकईथड उच्चतर माध्यमिक विद्यालय में कलेक्टर और जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी ने मौके पर पहुंचकर पूछताछ की।
सूचना मिलते ही संबंधित शिक्षिका को तत्काल परीक्षा केंद्र से बाहर किया गया और केंद्राध्यक्ष को भी बदल दिया गया। प्रशासन ने स्पष्ट किया कि केंद्र पर मौजूद 109 विद्यार्थियों को सुबह 8 बजकर 40 मिनट से पहले प्रवेश दे दिया गया था और प्रश्न पत्र निर्धारित समय पर ही वितरित किया गया। फिलहाल शिक्षिका और केंद्राध्यक्ष दोनों को निलंबित कर दिया गया है, जबकि राजकुमारी सोनी से पुलिस थाने में पूछताछ जारी है।

