CM डॉ. मोहन इंदौर पहुंचे, दूषित पानी से बीमार मरीजों से अस्पताल में की मुलाकात, अधिकारियों को बेहतर इलाज के दिए सख्त निर्देश

इंदौर। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव उमरिया दौरा पूरा करने के बाद सीधे इंदौर पहुंचे, जहां एयरपोर्ट से निकलते ही उन्होंने वर्मा यूनियन हॉस्पिटल पहुंचकर भागीरथपुरा क्षेत्र में दूषित पानी पीने से बीमार हुए मरीजों से मुलाकात की। मुख्यमंत्री ने अस्पताल में भर्ती मरीजों का हालचाल जाना और परिजनों से बातचीत कर उनकी परेशानियों को समझा।

सीएम डॉ. मोहन यादव ने डॉक्टरों से इलाज की स्थिति की जानकारी ली और जिला प्रशासन, नगर निगम व स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि किसी भी मरीज के इलाज में लापरवाही न हो और सभी को बेहतर से बेहतर चिकित्सा सुविधा मिले।

वर्मा यूनियन हॉस्पिटल के बाद मुख्यमंत्री बीमा हॉस्पिटल, डीएनएस हॉस्पिटल, सेल्वी हॉस्पिटल और एमवाय हॉस्पिटल पहुंचकर वहां भर्ती मरीजों से भी मुलाकात करेंगे। मरीजों से संवाद के बाद मुख्यमंत्री अधिकारियों के साथ बैठक कर पूरे मामले की समीक्षा करेंगे।

मुख्यमंत्री ने कहा कि मरीजों के इलाज में किसी भी तरह की कोताही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और प्रशासन की जिम्मेदारी है कि हर पीड़ित को समय पर और सही उपचार मिले। इस दौरान महापौर पुष्यमित्र भार्गव भी मुख्यमंत्री के साथ मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *