CM डॉ. मोहन यादव का किसानों को बड़ा तोहफा, गेहूं खरीदी पर 40 रुपये प्रति क्विंटल बोनस और उड़द पर 600 रुपये बोनस का ऐलान

भोपाल। मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने प्रदेश के किसानों को बड़ी सौगात देते हुए गेहूं और उड़द की खरीदी पर बोनस देने की घोषणा की है। मुख्यमंत्री ने कहा है कि इस साल राज्य सरकार गेहूं खरीदी पर किसानों को 40 रुपये प्रति क्विंटल का अतिरिक्त बोनस देगी, जिससे किसानों को उनकी फसल का बेहतर लाभ मिल सकेगा।

इसके साथ ही मुख्यमंत्री ने उड़द की खेती को बढ़ावा देने के लिए भी बड़ा फैसला लिया है। उन्होंने घोषणा की है कि उड़द की खरीदी पर किसानों को 600 रुपये प्रति क्विंटल का बोनस दिया जाएगा, ताकि ज्यादा से ज्यादा किसान उड़द की खेती की ओर आकर्षित हों और उन्हें बेहतर मुनाफा मिल सके।

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर इसकी जानकारी साझा करते हुए बताया कि राज्य सरकार किसान कल्याण के लिए पूरी तरह समर्पित है। भारतीय किसान संघ के प्रतिनिधियों के साथ हुई चर्चा के बाद किसानों के हित में ये महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए हैं।

सीएम ने यह भी बताया कि गेहूं खरीदी के लिए पंजीयन की अंतिम तिथि बढ़ा दी गई है। पहले यह तिथि 7 मार्च तय की गई थी, जिसे अब बढ़ाकर 10 मार्च कर दिया गया है, ताकि ज्यादा से ज्यादा किसान अपना पंजीयन करा सकें और इस योजना का लाभ ले सकें।

मुख्यमंत्री ने किसानों से उड़द की खेती करने की भी अपील की है, जिससे वे घोषित बोनस का पूरा फायदा उठा सकें और अगली फसल की तैयारी भी बेहतर तरीके से कर सकें। इसके अलावा उन्होंने यह भी कहा कि किसानों को सिंचाई के लिए दिन के समय बिजली उपलब्ध कराई जाएगी, ताकि रात में सिंचाई के दौरान होने वाले संभावित खतरों से किसानों को बचाया जा सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *