भोपाल। मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव नई दिल्ली में आयोजित इंडिया एआई इम्पैक्ट समिट 2026 में शामिल हुए, जहां उन्होंने उच्च स्तरीय पैनल चर्चा में भाग लिया और प्रमुख वैश्विक तकनीकी कंपनियों के प्रतिनिधियों से संवाद किया। इस दौरान राज्य में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस के उपयोग से आर्थिक विकास को गति देने, डिजिटल सुशासन को मजबूत करने और अत्याधुनिक अवसंरचना विकसित करने जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तार से विचार-विमर्श किया गया।
नई दिल्ली के भारत मंडपम में आयोजित इस समिट के दौरान मुख्यमंत्री की उपस्थिति में “इन्वीसीड एआई” के साथ एक अहम एमओयू पर हस्ताक्षर हुए। इस समझौते के तहत मध्य प्रदेश स्टेट डेटा सेंटर में एआई आधारित डिजिटल ट्विन, ऊर्जा अनुकूलन और प्रिडिक्टिव मॉनिटरिंग तकनीकों को विकसित और लागू किया जाएगा, जिससे प्रशासनिक कार्यप्रणाली और अधिक प्रभावी बन सके।
इसके साथ ही “जेन-स्पार्क एआई” के साथ भी एक महत्वपूर्ण एमओयू साइन किया गया। इस समझौते के माध्यम से मप्र स्टेट डेटा सेंटर में एआई इंफ्रास्ट्रक्चर को अनुकूलित करने और जेनरेटिव एआई आधारित शासन समाधान विकसित करने की दिशा में काम किया जाएगा।
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि एआई तकनीक के माध्यम से मध्य प्रदेश को डिजिटल रूप से सशक्त बनाना सरकार की प्राथमिकता है। इन समझौतों से राज्य में तकनीकी नवाचार, निवेश और रोजगार के नए अवसर खुलेंगे तथा सुशासन की दिशा में एक मजबूत कदम साबित होंगे।

