भोपाल। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि स्वामी विवेकानंद जी की यह भविष्यवाणी कि 21वीं सदी भारत की होगी, आज प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में साकार होती दिखाई दे रही है। हर वैश्विक मंच पर भारत ने अपनी साख मजबूत की है और प्रधानमंत्री मोदी विश्व के सबसे प्रभावशाली नेताओं में गिने जा रहे हैं। भारत आज नैतिक ताकत के आधार पर दुनिया का नेतृत्व करने की दिशा में आगे बढ़ रहा है और विश्व का सबसे युवा लोकतांत्रिक देश बनकर उभरा है।
मुख्यमंत्री डॉ. यादव दिल्ली विश्वविद्यालय के शंकर लाल सभागार में मध्यप्रदेश के अध्ययनरत छात्रों के संगठन मध्यांचल स्टूडेंट एसोसिएशन द्वारा आयोजित मध्यांचल उत्सव-2026 को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि प्रदेश के कोने-कोने से आए युवाओं से एक साथ मिलना उनके लिए गर्व और सौभाग्य की बात है और इससे उनकी दिल्ली यात्रा सार्थक हो गई है।
डॉ. मोहन यादव ने कहा कि युवाओं को सक्षम बनाना राज्य सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है। मध्यप्रदेश देश के उन राज्यों में शामिल है जहां बेरोजगारी दर कम है और सरकार हर कदम पर युवाओं के साथ खड़ी है। प्रदेश में निवेश, उद्योग और रोजगार के लिए अनुकूल वातावरण तैयार किया गया है। सरकार का लक्ष्य है कि मध्यप्रदेश का युवा सिर्फ जॉब सीकर न बने बल्कि जॉब क्रिएटर बने। युवा कृषि, टेक्नोलॉजी, चिकित्सा और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस जैसे क्षेत्रों में आगे बढ़कर प्रदेश और देश को मजबूत करें।
मुख्यमंत्री ने राज्य की उपलब्धियां गिनाते हुए कहा कि मध्यप्रदेश में सिंचाई का रकबा लगातार बढ़ा है और आने वाले पांच वर्षों में प्रदेश का बजट दोगुना करने का लक्ष्य रखा गया है। पीपीपी मॉडल के तहत अधिक से अधिक मेडिकल कॉलेज खोले जा रहे हैं ताकि नीट पास करने वाले छात्रों के माध्यम से डॉक्टरों की संख्या बढ़ाई जा सके। टेक्सटाइल उद्योग को बढ़ावा देने के लिए प्रति श्रमिक प्रतिमाह 5 हजार रुपये की सहयोग राशि देने का प्रावधान किया गया है, जिससे रोजगार के नए अवसर पैदा होंगे।
डॉ. यादव ने कहा कि मध्यप्रदेश बिजली सरप्लस राज्य है और रिन्यूएबल एनर्जी के क्षेत्र में सबसे सस्ती बिजली उपलब्ध कराई जा रही है, जिसकी दर मात्र 2 रुपये 10 पैसे है। राज्य में माइनिंग सेक्टर में तेजी से काम हो रहा है और जैव विविधता के मामले में भी प्रदेश अग्रणी बना हुआ है। भोपाल के बड़े तालाब में शिकारे चलाए जा रहे हैं और नई फिल्म व पर्यटन नीति के जरिए निवेशकों और युवाओं को विशेष लाभ दिए जा रहे हैं। अंत में मुख्यमंत्री ने मध्यांचल छात्र संगठन को आयोजन के लिए बधाई देते हुए कहा कि युवा इसी तरह संगठित होकर सकारात्मक कार्य करते रहें और प्रदेश व देश के विकास में सक्रिय भूमिका निभाएं।

