भोपाल। मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव ने ओबीसी जनगणना के मुद्दे पर कांग्रेस पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने कहा कि ओबीसी की जनगणना रोकने का कलंक कांग्रेस के माथे पर है। उनका आरोप है कि कांग्रेस झूठ की राजनीति करती है और समाज में विद्वेष फैलाने का काम करती है। उन्होंने कहा कि चुनावों में कांग्रेस को हार का सामना इसी कारण करना पड़ रहा है।
मुख्यमंत्री ने यह भी कहा कि कांग्रेस वर्गों को आपस में लड़ाने की कोशिश करती है और मैदान में कम, हंगामा करने में ज्यादा भरोसा रखती है। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस सामाजिक संघर्ष को बढ़ावा देती है और कुछ मामलों में चुनिंदा नेताओं पर कार्रवाई नहीं करती।
बीजेपी के प्रशिक्षण कार्यक्रमों का जिक्र करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि पार्टी के कार्यकर्ताओं की अलग पहचान है और वे परिवार भाव से काम करते हैं। उन्होंने कहा कि संगठन की मजबूती और प्रशिक्षण के दम पर ही पार्टी लगातार चुनावों में सफलता हासिल कर रही है। पंचायत से लेकर नगरीय निकाय, विधानसभा और लोकसभा तक पार्टी हर चुनाव के लिए तैयार रहती है।
मुख्यमंत्री ने दावा किया कि इसी संगठनात्मक ताकत के कारण प्रदेश में 16 के 16 नगर निगम चुनाव भारतीय जनता पार्टी ने जीते हैं और जनता बीजेपी की विचारधारा को पसंद करती है।

