भोपाल। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव आज का दिन तीन शहरों के व्यस्त दौरे में बिताने वाले हैं—भोपाल, इंदौर और उज्जैन। सुबह की शुरुआत होगी भोपाल की बड़ी झील से, जहां वे जल क्रीड़ा केंद्र पहुंचकर 45वीं जूनियर नेशनल रोइंग चैंपियनशिप और 8वीं इंटर स्टेट चैलेंजर्स रोइंग चैंपियनशिप में खिलाड़ियों का उत्साह बढ़ाएंगे।
इसके बाद सुबह 10:20 पर वे भोपाल से इंदौर के लिए रवाना होंगे और 10:50 पर इंदौर पहुंचकर सरदार वल्लभभाई पटेल प्रतिमा स्थल पर आयोजित यूनिटी फॉर रन यात्रा में शामिल होंगे, जो लौह पुरुष सरदार पटेल की 150वीं जयंती के अवसर पर निकाली जा रही है। दोपहर 1 बजे वे गौतमपुरा पहुंचेंगे, जहां गांधी चौक अचलेश्वर महादेव मंदिर से कार्यक्रम स्थल तक उनका भव्य रोड शो होगा। 1:45 पर वे भावांतर किसान सम्मेलन को संबोधित करेंगे, जहां किसानों के लिए कुछ बड़े ऐलान किए जाने की उम्मीद है।
दोपहर 3 बजे इंदौर से रवाना होकर मुख्यमंत्री उज्जैन पहुंचेंगे, जहां विकास कार्यों की सौगातों की झड़ी लगेगी। वे आकाशवाणी केंद्र का उद्घाटन, सांदीपनि विद्यालय और महाराजवाड़ा का लोकार्पण करेंगे। इसके साथ ही धन्वंतरि आयुर्वेदिक महाविद्यालय में नए छात्रावास भवन का भूमि पूजन और एक महत्वपूर्ण रेलवे ओवर ब्रिज का लोकार्पण भी करेंगे।
शाम 5:25 बजे डॉ. मोहन यादव उज्जैन से भोपाल लौट आएंगे।
आज का दिन प्रदेश में खेल, किसान कल्याण, धार्मिक-सांस्कृतिक धरोहर और बुनियादी ढांचे के नए अध्याय लिखने वाला साबित होने वाला है।

