भोपाल। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव आज सागर जिले के खुरई दौरे पर रहेंगे, जहां वे 312 करोड़ रुपये से अधिक की लागत वाले विकास कार्यों का लोकार्पण और भूमिपूजन करेंगे। यह दौरा क्षेत्र के विकास को नई रफ्तार देने के साथ ही जनता से सीधे संवाद का अवसर भी बनेगा।
मुख्यमंत्री के खुरई पहुंचने पर कार्यक्रम की शुरुआत रोड शो से होगी, जिसमें वे शहर की जनता से रूबरू होंगे। इसके बाद वे 165 करोड़ रुपये की लागत से तैयार 38 विकास कार्यों का लोकार्पण करेंगे और 147 करोड़ रुपये की लागत से 48 नए विकास कार्यों का भूमिपूजन करेंगे। ये सभी कार्य सड़क, जल आपूर्ति, शिक्षा, स्वास्थ्य सहित अन्य बुनियादी सुविधाओं से जुड़े हुए हैं, जो खुरई और आसपास के क्षेत्रों के लिए बेहद अहम माने जा रहे हैं।
खुरई दौरे से पहले मुख्यमंत्री भोपाल में लोक निर्माण विभाग के एक महत्वपूर्ण कार्यक्रम में भी शामिल होंगे। रविंद्र भवन में आयोजित इंजीनियर्स प्रशिक्षण शिविर में प्रदेशभर से 1500 से अधिक अभियंता भाग लेंगे। इस अवसर पर कैपेसिटी बिल्डिंग फ्रेमवर्क दस्तावेज का विमोचन किया जाएगा।
इसके साथ ही मुख्यमंत्री लोकपथ 2.0 एप का लोकार्पण भी करेंगे, जिससे निर्माण और इंजीनियरिंग से जुड़े कार्यों को डिजिटल, पारदर्शी और अधिक प्रभावी बनाया जा सकेगा।

