बढ़ते क्राइम पर CM डॉ. मोहन यादव का बड़ा एक्शन, रायसेन SP बदले और भोपाल में भी कड़ी कार्रवाई

भोपाल। मध्य प्रदेश में बढ़ते अपराधों को लेकर मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव अब पूरी तरह सख्त मोड में आ चुके हैं। रायसेन जिले में एक बच्ची से दुष्कर्म के गंभीर मामले में आरोपी की गिरफ्तारी न होने पर सीएम ने अधिकारियों को कड़ी चेतावनी दी और उसी रात बड़ा प्रशासनिक फेरबदल कर दिया। देर रात गृह विभाग ने आदेश जारी करते हुए रायसेन के SP पंकज कुमार पांडे को हटाकर उनकी जगह भोपाल जोन–1 के डीसीपी आशुतोष गुप्ता को नया पुलिस अधीक्षक नियुक्त कर दिया। आशुतोष गुप्ता अपनी सख्त और एक्शन वाली छवि के लिए जाने जाते हैं, इसलिए यह बदलाव बेहद महत्वपूर्ण माना जा रहा है।

उधर राजधानी भोपाल में भी अपराधों की बढ़ती घटनाओं पर सीएम मोहन यादव बेहद नाराज दिखे। मिसरोद और टीला जमालपुरा थाना प्रभारी को तुरंत लाइन अटैच कर दिया गया है। दोनों क्षेत्रों में चोरी, लूट और मारपीट जैसे अपराधों में लगातार बढ़ोतरी की शिकायतें मिल रही थीं। सूत्रों के अनुसार, वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग में मुख्यमंत्री ने साफ शब्दों में कहा कि अपराध और अपराधियों पर किसी भी तरह की ढिलाई बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि जनता की सुरक्षा सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है और इसमें किसी भी स्तर पर लापरवाही नहीं चलेगी।

पिछले कुछ दिनों में भोपाल और आसपास के जिलों में हुई कई आपराधिक घटनाओं के बीच सरकार का यह कदम एक बड़े प्रशासनिक सर्जिकल स्ट्राइक के रूप में देखा जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *