वीर बाल दिवस के अवसर पर मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव ने बड़ा ऐलान करते हुए कहा कि गुरु गोविंद सिंह महाराज जी के साहिबजादों की शहादत को प्रदेश के शैक्षणिक पाठ्यक्रम में शामिल किया जाएगा। मुख्यमंत्री ने साफ शब्दों में कहा कि गुलाब का फूल लगाकर बाल दिवस नहीं मनाया जा सकता, बल्कि सत्य और न्याय के लिए बलिदान देने वाले बाल वीरों को याद करना ही सच्चा बाल दिवस है।
शुक्रवार को सीएम डॉ मोहन यादव भोपाल के हमीदिया रोड स्थित गुरुद्वारे पहुंचे, जहां उन्होंने वीर बाल दिवस पर माथा टेककर गुरु गोविंद सिंह महाराज जी और उनके चारों साहिबजादों को नमन किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि आज देश और दुनिया हमारे बाल वीरों को याद कर रही है और उन माताओं को नमन है, जिन्होंने ऐसे वीर सपूतों को जन्म दिया।
मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने हर वर्ष वीर बाल दिवस मनाने की घोषणा की है और यही सही मायनों में बाल दिवस का सच्चा स्वरूप है। उन्होंने कहा कि अधर्म के खिलाफ सत्य और न्याय की रक्षा के लिए साहिबजादों ने जो बलिदान दिया, वह आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणा है। मुख्यमंत्री ने कहा कि ऐसे वीर बलिदानियों को शत-शत नमन है और उनकी शहादत को मध्य प्रदेश के पाठ्यक्रम में शामिल कर नई पीढ़ी को उनके त्याग और साहस से परिचित कराया जाएगा।

