सीएम ने सागर सड़क हादसे पर जताया दुख: मुख्यमंत्री डॉ मोहन ने दी श्रद्धांजलि, मुरैना बम स्क्वॉड के 4 जवानों की हुई थी मौत

सागर। मध्य प्रदेश के सागर जिले में बुधवार सुबह हुए भीषण सड़क हादसे ने पूरे प्रदेश को झकझोर कर रख दिया, जिसमें चार पुलिस जवानों की मौके पर ही मौत हो गई जबकि एक जवान गंभीर रूप से घायल हो गया। इस दर्दनाक हादसे पर मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव ने गहरा शोक व्यक्त करते हुए दिवंगत जवानों को श्रद्धांजलि अर्पित की और उनके परिजनों के प्रति संवेदनाएं प्रकट कीं।

मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा कि सागर जिले में नक्सल विरोधी अभियान से ड्यूटी कर लौट रहे चार पुलिसकर्मियों का सड़क दुर्घटना में निधन होना बेहद हृदयविदारक है। उन्होंने दिवंगत पुलिसकर्मियों को विनम्र श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए कहा कि उनकी संवेदनाएं शोकसंतप्त परिवारों के साथ हैं और ईश्वर से प्रार्थना है कि दिवंगत आत्माओं को शांति दे तथा घायल जवान को शीघ्र स्वस्थ करे।

बताया जा रहा है कि मुरैना बम डिस्पोजल और डॉग स्क्वॉड की टीम ड्यूटी पूरी कर वापस लौट रही थी, तभी सागर जिले में बांदरी और मालथौन के बीच नेशनल हाइवे 44 पर पुलिस वाहन एक कंटेनर से टकरा गया। टक्कर इतनी भीषण थी कि पुलिस की गाड़ी पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और इस हादसे में चार जवानों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया।

हादसे के वक्त वाहन में मौजूद डॉग स्क्वॉड का डॉग पूरी तरह सुरक्षित बताया जा रहा है। पुलिस दुर्घटना के कारणों की जांच में जुटी है और शुरुआती तौर पर तेज रफ्तार या वाहन से नियंत्रण खोने की आशंका जताई जा रही है। फिलहाल कंटेनर चालक की तलाश जारी है और पूरे मामले की विस्तृत जांच की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *