‘CM का मतलब Corrupt Mouth’… अखिलेश यादव का योगी आदित्यनाथ पर तीखा हमला, शंकराचार्य विवाद से लेकर भ्रष्टाचार तक साधा निशाना

लखनऊ. समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष Akhilesh Yadav ने उत्तर प्रदेश की राजनीति में बड़ा बयान देकर हलचल मचा दी है। उन्होंने मुख्यमंत्री Yogi Adityanath पर निशाना साधते हुए कहा कि कुछ मामलों में सीएम का मतलब ‘Corrupt Mouth’ होता है। यह टिप्पणी उन्होंने एक कथित जेन जी युवक की बात का हवाला देते हुए कही और सरकार पर तीखा हमला बोला।

अखिलेश यादव ने कहा कि पूज्य शंकराचार्य जी का अपमान किया जा रहा है और समाजवादी पार्टी उनके साथ खड़ी है। उन्होंने आरोप लगाया कि अधिकारियों के माध्यम से शंकराचार्य जी से प्रमाण पत्र मांगा जा रहा है, जबकि शंकराचार्य स्वयं शंका से परे होते हैं। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि जो लोग प्रमाण पत्र मांग रहे हैं, उन्हें अपने योगी होने का भी प्रमाण पत्र दिखाना चाहिए। उन्होंने यह भी कहा कि भाजपा के लोग नई पीढ़ी यानी जेन जी से घबराए हुए हैं क्योंकि युवा सवाल पूछ रहा है।

मुख्यमंत्री पर हमला जारी रखते हुए अखिलेश यादव ने कहा कि बिष्ट जी खिलाड़ी तो हैं, लेकिन खेल नहीं खेल पा रहे हैं और उनकी सरकार में बड़े-बड़े भ्रष्टाचार के खेल चल रहे हैं। उन्होंने ओवरलोडिंग ट्रकों, एक ही नंबर से चल रहे वाहनों और गांजा बरामदगी के मामलों का जिक्र करते हुए सवाल उठाया कि आखिर इतनी बड़ी मात्रा में नशा कहां से आ रहा है और कहां जा रहा है। उन्होंने दावा किया कि एक जगह 370 किलो गांजा पकड़ा गया तो दूसरी जगह 10 करोड़ रुपये का गांजा सील हुआ।

मुख्यमंत्री की भाषा को लेकर भी अखिलेश यादव ने तीखी टिप्पणी की। उन्होंने कहा कि विधानसभा में नेता विरोधी दल माता प्रसाद पांडेय के खिलाफ जिस तरह की भाषा का इस्तेमाल किया गया, वह अपमानजनक थी और पूरे प्रदेश ने उसे सुना और देखा। उन्होंने कहा कि जिस राज्य में शिक्षा विभाग का बजट एक लाख करोड़ रुपये हो, वहां के मुख्यमंत्री की भाषा और व्यवहार पर भी सवाल उठते हैं।

यूसीसी और छात्र राजनीति पर पूछे गए सवाल के जवाब में अखिलेश यादव ने कहा कि भाजपा कैंपस में छात्रों की एकजुटता तोड़ने में सफल रही है। उनका आरोप है कि भाजपा महंगाई, बेरोजगारी और भ्रष्टाचार जैसे मुद्दों से ध्यान भटकाने के लिए लोगों को आपस में बांटने की रणनीति पर काम कर रही है। उन्होंने दावा किया कि प्रदेश में अपराध बढ़ रहे हैं, सड़कों की हालत खराब है और गड्ढों के कारण होने वाली मौतों में सबसे ज्यादा मामले उत्तर प्रदेश से सामने आए हैं। उनके इस बयान के बाद प्रदेश की सियासत और गरमा गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *